Flashback 2022: खेलों की दुनिया के 3 ऐसे पल जिन्होंने इस साल फैंस को सबसे ज्यादा भावुक किया
साल 2022 में खेल की दुनिया से कुछ ऐसी चीजें सामने आई जिन्होंने फैंस को बहुत भावुक कर दिया। जिनकी यादें हार-जीत से ऊपर थी।

साल 2022 में अनेक ऐसे स्पोर्ट्स मोमेंट आए जिन्होंने फैंस को इमोशनल किया। भारत में हर साल आईपीएल और द्विपक्षीय सीरीज में कई क्रिकेट पल ऐसे आते हैं जिनसे फैंस बहुत ज्यादा जुड़ जाते हैं लेकिन क्रिकेट इतना ज्यादा है कि ये मोमेंट्स जैसे आते हैं वैसे ही कुछ दिन बाद निकल भी जाते हैं। लेकिन इस साल खेल की दुनिया से कुछ ऐसी चीजें सामने आई जिन्होंने फैंस को अंदर तक हिला दिया। जिनकी यादें बहुत आसानी से और बहुत जल्दी से नहीं मिटने वाली हैं। ये ऐसे पल थे जो खेल की हार-जीत से ऊपर थे और अपने आप में भावनाओं का एक सैलाब थे।

फेडरर जाते-जाते टूट गए और नडाल भी रो पड़े
इस साल रोजर फेडरर ने घोषणा कर दी थी कि वे सितंबर में लेवर कप में अपना अंतिम प्रोफेशनल मैच खेलेंगे। टेनिस की दुनिया रोजर फेडरर और राफेल नडाल की प्रतिद्वंदता देखकर फली-फूली है। मजे की बात देखिए फेडरर ने अंतिम मैच में नडाल के साथ जोड़ी बनाई और ये टीम यूरोप का हिस्सा थे। हालांकि उनकी हार हुई और जैसा कि तय था फेडरर ने विदाई ली। लेकिन ये विदाई इतनी आसान साबित नहीं हुई जितनी की इसकी घोषणा हुई थी। फेडरर जाते-जाते टूट गए और बुरी तरह से रो पड़े। वे रुक नहीं पाए और राफेल नडाल भी अपने सबसे बड़े प्रतिद्वंदी को जाते देखकर रो पड़े। नडाल ने कहा कि फेडरर के साथ उनकी जिंदगी का अहम हिस्सा भी जा रहा है। ये पल सख्त से सख्त फैन का दिल भारी कर गया।

क्रिस्टियानो रोनाल्डो और लियोनल मेसी का अंतिम विश्व कप
जैसे टेनिस की दुनिया फेडरर और नडाल से सराबोर रही वैसे ही फुटबॉल की दुनिया के दो दिग्गज क्रिस्टियानो रोनाल्डो और लियोनल मेसी रहे हैं। ये दोनों ही लीजेंड आखिरी वर्ल्ड कप में शिरकत करने कतर आए लेकिन दोनों में किसी एक की ही टीम को खिताब हाथ लगना था। यह भी संभव था कि दोनों में से कोई भी टीम ट्रॉफी लिए बिना ही लौट जाए। आखिरकार पुर्तगाल की टीम सेमीफाइनल में भी नहीं पहुंच पाई और रोनाल्डो रोकर विश्व कप से विदा ले गए। इस दौरान मेसी की टीम फाइनल में पहुंच चुकी है और फ्रांस के खिलाफ जीत की भी दावेदार नजर आ रही है। वर्ल्ड कप से पहले मेसी और रोनाल्डो की शतरंज खेलती फोटो ने इंटरनेट पर भूचाल मचा दिया था। फैंस ने तो इसको साल की बेस्ट स्पोर्ट्स फोटो भी करार दे दिया था। वो एक बेहद इमोशनल पल था क्योंकि इसके बाद फैंस दोनों में से किसी को एक साथ विश्व कप में नहीं देखने वाले हैं।

कोहली को भी मिल गया एक मुट्ठी भर आसमान
विराट कोहली के लिए साल बहुत खास रहा क्योंकि उन्होंने ना केवल क्रिकेट में अपनी फॉर्म वापस हासिल की बल्कि एशिया कप में शतक ठोककर तीन अंकों का सूखा भी समाप्त किया। हालांकि ये अफगानिस्तान के खिलाफ आया लेकिन ये फैंस के लिए क्रिकेट का सबसे भावुक पल नहीं था। क्रिकेट का सबसे भावुक समय वर्ल्ड कप के दौरान आया जब भारत की टीम का मुकाबला पाकिस्तान से हुआ और टीम इंडिया एक हारा हुआ मैच केवल विराट कोहली के दम पर खेल पा रही थी। जब किसी ने सोचा नहीं था कि भारत जीत जाएगा तब कोहली ने 53 गेंदों पर 82 रनों की पारी खेलकर एक अविश्वसनीय जीत दिलाई। ये कालजयी पारी थी जो टी20 क्रिकेट में सर्वकालिक महानतम में एक के रूप में दर्ज हुई। अश्विन ने जैसे ही आखिरी गेंद पर एक रन लिया विराट कोहली ने जमीन पर बैठकर अनोखे अंदाज में जीत को सेलिब्रेट किया। इस दौरान उनकी आंखें नम भी हो गई। कोहली ने बाद में प्रजेंटेशन के दौरान भी नम आंखों से बात की। ये उनके लिए छोटा सा आसमान हासिल हो जाने सरीखा था। जिस खिलाड़ी की काबिलियत पर सबसे शक किया उसने वो मैच ऐसी परिस्थितियों में जिताकर दिया जिसको कोई और भारतीय बल्लेबाज उन हालातों में वैसे नहीं जिता सकता था जैसे कोहली ने जिताया। ये एक बार फिर से खुद को हासिल कर लेने जैसा पल था और फैंस को हमेशा के लिए अपने प्यार में डूबा देने वाला मोमेंट था।
(Photo Credit: Instagram/Twitter)












Click it and Unblock the Notifications