FIH Pro league: भारत ने पाकिस्तान को 7-1 से रौंदा, 3 दिन में दूसरी बार हराया, मैच के बाद तनाव बढ़ा या मिले हाथ
FIH Pro League 2025-26: लंदन के ली वैली हॉकी एंड टेनिस सेंटर में खेले जा रहे एफआईएच (FIH) प्रो लीग के एक बेहद हाई-प्रोफाइल मुकाबले में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 7-1 से करारी शिकस्त दी। तीन दिनों के भीतर यह दूसरा मौका है जब भारत ने पाकिस्तान को धूल चटाई है। इससे पहले मंगलवार को हुए रोमांचक मैच में भारत ने 4-3 से जीत दर्ज की थी। इस एकतरफा मुकाबले में भारतीय फॉरवर्ड लाइन और ड्रैगफ्लिकर्स के सामने पाकिस्तानी डिफेंस ताश के पत्तों की तरह बिखर गया।
मैदान पर खिलाड़ियों ने मिलाए हाथ (FIH Pro League 2025-26)
पिछले साल पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच कूटनीतिक रिश्ते बेहद तनावपूर्ण हैं। भारत हर मोर्चे पर पाकिस्तान का टोटल बॉयकॉट कर रहा है। हालिया क्रिकेट मुकाबलों में भी यह देखा गया कि दोनों देशों के खिलाड़ी मैदान पर एक-दूसरे से हाथ मिलाने तक से बच रहे थे।

हालांकि, लंदन के मैदान पर इस बार कड़ा प्रशासनिक और नैतिक आचरण देखने को मिला। मैच खत्म होने के बाद कूटनीतिक कड़वाहट को दरकिनार कर दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे से गर्मजोशी से हाथ मिलाया। यह घटना दर्शाती है कि अंतरराष्ट्रीय खेल मंचों पर खिलाड़ी राजनीतिक तनाव के बीच भी खेल भावना की गरिमा को बनाए रखने का प्रयास कर रहे हैं।
7 अलग-अलग स्कोरर्स ने दागे गोल
विश्व रैंकिंग में 8वें स्थान पर काबिज भारतीय टीम ने मैच में पूरी तरह अपना दबदबा बनाए रखा। हालांकि, शुरुआती बढ़त पाकिस्तान ने बनाई थी। मैच के 13वें मिनट में पाकिस्तानी कप्तान अबू बकर महमूद ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसी दौरान पाकिस्तान के अहमद नदीम चेहरे पर चोट लगने के कारण व्हीलचेयर से मैदान से बाहर गए।
भारत की वापसी और गोलों की बौछार
इसके बाद भारत ने मुड़कर नहीं देखा और 7 अलग-अलग खिलाड़ियों ने गोल दागे। सुखजीत सिंह (20वें मिनट) ने बराबरी की, जिसके बाद कप्तान हरमनप्रीत सिंह (26वें), हार्दिक सिंह (34वें-पेनल्टी स्ट्रोक), जुगराज सिंह (35वें), अभिषेक (41वें), राज कुमार पाल (44वें) और दिलप्रीत सिंह (54वें) ने गोल कर स्कोर 7-1 कर दिया।
इस ऐतिहासिक जीत के साथ भारत 15 मैचों में 17 अंकों के साथ प्रो लीग तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गया है। वहीं पाकिस्तान अब तक अपना खाता भी नहीं खोल सका है और उसका अगले सीजन के लिए 'नेशन कप' में रेलिगेशन तय हो गया है। भारतीय टीम अपने अभियान का समापन रविवार को इंग्लैंड के खिलाफ करेगी।















Click it and Unblock the Notifications