CWG 2022: कुल 61 मेडल के साथ चौथे स्थान पर रहा भारत, 22 खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण पदक
बर्मिंघम, अगस्त 08। बर्मिंघम में 28 जुलाई से शुरू हुए कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारत का सफर पुरुष हॉकी टीम के फाइनल मुकाबले के साथ खत्म हुआ। भारतीय हॉकी टीम फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के सामने थी। इस मैच ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 7-0 से हराकर गोल्ड मेडल पर कब्जा किया था। वहीं भारत के खाते में सिल्वर मेडल आया। इस मेडल के साथ ही भारत के कॉमनवेल्थ गेम्स में कुल मेडलों की संख्या 61 रही, जिसमें कि गोल्ड की संख्या 22, सिल्वर मेडल की संख्या 16 और 23 ब्रॉन्ज मेडल भारत के नाम रहे।

मेडल टैली में भारत चौथे स्थान पर
आपको बता दें कि मेडल टैली में भारत कुल 61 मेडल के साथ चौथे स्थान पर रहा। वहीं पहले स्थान पर ऑस्ट्रेलिया 178 मेडल के साथ काबिज है। ऑस्ट्रेलिया ने सबसे अधिक 67 गोल्ड मेडल अपने नाम किए। वहीं दूसरे स्थान पर मेजबान इंग्लैंड रहा, जिसके खाते में 176 मेडल आए। इनमें 57 गोल्ड शामिल हैं। तीसरे स्थान पर कनाडा 92 मेडल के साथ है। इनमें 26 गोल्ड शामिल हैं। चौथे पर भारत और पांचवे स्थान पर न्यूजीलैंड, जिसने कुल 49 मेडल हासिल किए। इसमें 20 गोल्ड हैं।

इन खिलाड़ियों ने जीता गोल्ड मेडल
आपको बता दें कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारत के लिए सबसा पहला गोल्ड मेडल मीराबाई चानू ने वेटलिफ्टिंग में जीता था, जबकि आखिरी गोल्ड मेडल टेबल टेनिस में शरत कमल ने जीता। गोल्ड मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों में मीराबाई चानू और शरत के अलावा जेरेमी लालरिनुंगा, अंचिता शेउली, महिला लॉन बॉल टीम, टीटी पुरुष टीम, सुधीर, बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक, दीपक पूनिया, रवि दहिया, विनेश, नवीन, भाविना, नीतू, अमित पंघाल, एल्डहॉस पॉल, निकहत जरीन, शरत-श्रीजा, पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन का नाम शामिल है।

CWG के आखिरी दिन भी भारत ने जीते 4 गोल्ड
आपको बता दें कि कॉमनवेल्थ गेम्स के आखिरी दिन भी भारत के खाते में 4 गोल्ड मेडल आए और यह उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ियों में पीवी सिंधु, लक्ष्य सेन, सात्विक-चिराग और शरत का नाम शामिल हैं। इन खिलाड़ियों ने अपने-अपने खेल में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया। 27 वर्षीय पीवी सिंधु ने बैडमिंटन के महिला सिंगल फाइनल में कनाडा की मिशेल ली को 21-15, 21-13 से हराकर गोल्ड मेडल जीता था। सिंधु के बाद 20 वर्षीय लक्ष्य सेन ने फाइनल में मलेशिया के जेई यंग को तीन गेम तक चले मुकाबले में 19-21, 21-9, 21-16 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया था।












Click it and Unblock the Notifications