Cristiano Ronaldo बने पहले अरबपति फुटबॉलर, 5,91,17,35,00,000 रुपये की डील होगी सील? मेसी को पछाड़ा
Cristiano Ronaldo Football 1st Billionaire: फुटबॉल के महान खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो (Cristiano Ronaldo) ने मैदान के बाहर एक बड़ा रिकॉर्ड बनाया है। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स के अनुसार उनकी कुल संपत्ति 1.4 बिलियन यूएस डॉलर (लगभग 11,500 करोड़ रुपये) आंकी गई है। जिसके साथ वह फुटबॉल इतिहास के पहले अरबपति खिलाड़ी बन गए हैं। रोनाल्डो कमाई के मामले में अपने लंबे समय के प्रतिद्वंद्वी लियोनेल मेसी से काफी आगे हो गए हैं।
रोनाल्डो की ऐसे बदली किस्मत (Cristiano Ronaldo Football 1st Billionaire)
रोनाल्डो की संपत्ति में यह बड़ा उछाल मुख्य रूप से सऊदी अरब के क्लब अल-नस्र के साथ उनके कॉन्ट्रैक्ट के कारण आया है। साल 2023 में इस क्लब से जुड़ने के बाद उन्हें टैक्स फ्री 200 मिलियन यूएस डॉलर का वार्षिक वेतन और 30 मिलियन यूएस डॉलर का साइनिंग बोनस मिला। ब्लूमबर्ग के मुताबिक, 2002 से 2023 तक रोनाल्डो ने केवल वेतन से ही $550 मिलियन से अधिक कमाए हैं।

कहां से होती है कमाई
सैलरी के अलावा रोनाल्डो की कमाई का दूसरा बड़ा जरिया उनका ब्रांड साम्राज्य है। नाइकी के साथ उनका दस साल का करार उन्हें सालाना लगभग $18 मिलियन देता है। इसके अलावा अरमानी और कैस्ट्रोल जैसे ब्रांड्स से भी उन्हें मोटी रकम मिलती है। उनका अपना CR7 ब्रांड होटल, जिम और फैशन बिजनेस में एक सफल उद्यम बन चुका है।
वहीं मेसी ने अपने करियर में लगभग $600 मिलियन प्री-टैक्स वेतन कमाया है। हालांकि, रोनाल्डो के एंडोर्समेंट्स और व्यावसायिक निवेशों ने उन्हें मेसी से काफी आगे कर दिया है। रोनाल्डो की इंस्टाग्राम पर 660 मिलियन से अधिक फॉलोअर्स की संख्या भी उनकी वैश्विक ब्रांड वैल्यू को बताती है।
मैनचेस्टर यूनाइटेड पर भी सऊदी अरब की नजर
इस बीच रोनाल्डो के पूर्व क्लब और दुनिया के सबसे मशहूर फुटबॉल क्लबों में से एक मैनचेस्टर यूनाइटेड भी चर्चा में है। खराब प्रदर्शन से जूझ रहे क्लब के मालिक ग्लजेर परिवार अपनी हिस्सेदारी बेचने पर विचार कर रहा है। सबसे दिलचस्प बात यह है कि इस हिस्सेदारी को खरीदने के लिए सऊदी अरब के अरबपति तुर्की अल-शेख सबसे आगे चल रहे हैं, जिनकी सऊदी अरब के जनरल एंटरटेनमेंट अथॉरिटी के चेयरमैन के रूप में बड़ी भूमिका है।
ग्लजेर परिवार 5.2 बिलियन पाउंड (लगभग 61,462 करोड़ रुपये) से अधिक की बोली पर विचार करने को तैयार है, जो क्लब के मौजूदा बाजार मूल्य से दोगुने से अधिक है। ग्लजेर क्लब के लिए एक नए अत्याधुनिक स्टेडियम के निर्माण की योजना को देखते हुए भविष्य में क्लब के मूल्य में संभावित वृद्धि को ध्यान में रखते हुए भारी प्रीमियम की मांग कर रहे हैं। इस संभावित बिक्री या बड़े निवेश में सऊदी अरब की दिलचस्पी फुटबॉल की दुनिया में पैसे के बढ़ते खेल और रोनाल्डो के सऊदी क्लब में शामिल होने के बाद क्षेत्र के बढ़ते प्रभाव को बताती है।












Click it and Unblock the Notifications