Chess World Cup: 'मेरे लिए मेरी मां ही सबकुछ है...', प्रगनानंद की जीत के बाद नागलक्ष्मी को दिग्गजों का सलाम
Chess world celebrate R Praggnanandhas Win: भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रगनानंद ने फिडे शतरंज वर्ल्ड कप टूर्नामेंट के फाइनल में शानदार जीत हासिल की। सेमीफाइनल में प्रगनानंद ने दमदार प्रदर्शन करते हुए वर्ल्ड नंबर तीन खिलाड़ी फाबियानो कारूआना को टाईब्रेकर में 3.5-2.5 से हराने का कारनामा किया। प्रगनानंद ने इस जीत के साथ ही फाइनल में अपनी जगह बना ली है।
फाइनल में पहुंचने वाले दूसरे भारतीय: इस जीत के साथ ही फिडे शतरंज वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचने वाले प्रगनानंद दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। प्रगनानंद से पहले विश्वनाथन आनंद ने फाइनल में पहुंचने में कामयाबी हासिल की थी। फाइनल में अब वर्ल्ड के नंबर वन खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन से प्रगनानंद का सामना होने वाला है। प्रगनानंद की कोशिश फाइनल मैच जीतकर फिडे शतरंज वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम करने की होगी।

प्रगनानंद की सफलता में मां का हाथ: प्रगनानंद को इस मुकाम तक पहुंचाने में उनकी मां नागलक्ष्मी का बहुत बड़ा हाथ रहा है। इस टूर्नामेंट के दौरान ही एक इंटरव्यू में अपनी मां को लेकर प्रगनानंद ने कई बातों का जिक्र किया था। उन्होंने कहा था कि मेरी मां हमेशा मेरा साथ देती हैं! गेम हारने के बाद भी वह मुझे संभालने और शांत करने की कोशिश करती है। मेरे लिए मेरी मां एक बड़ा सहारा हैं। न केवल मेरे लिए, बल्कि मेरी बहन के लिए भी वह सबकुछ हैं।
दिग्गजों ने ठोका सलाम: पूर्व विश्व चैंपियन और रूसी शतरंज ग्रैंडमास्टर गैरी कास्पारोव ने इस जीत के लिए प्रगनानंद को बधाई दी। इसके साथ ही प्रगनानंद की मां जो हर टूर्नामेंट में अपने बेटे के साथ जाती हैं, उनकी तारीफ भी की। इसके अलावा कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी प्रगनानंद को फिडे विश्व कप के फाइनल में पहुंचने के लिए बधाई दी और मैग्नस कार्लसन के खिलाफ खिताबी मुकाबले के लिए शुभकामनाएं दीं। बता दें कि कुछ दिन पहले ही प्रगनानंद की मां की कुछ दिल छू लेने वाली तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications