4 मैच, 8 फाइटर्स और 1 बेल्ट: दिग्गजों से लेकर घातक युवा स्टार्स होंगे इस टूर्नामेंट में आमने-सामने
मार्शल आर्ट्स संगठन ONE Championship ने नवंबर महीने के लिए एक जबरदस्त टूर्नामेंट का ऐलान किया है। 2026 ONE फ्लाइवेट मॉय थाई वर्ल्ड ग्रां प्री में कुल मिलाकर 8 बेहतरीन फाइटर्स हिस्सा लेने जा रहे हैं, जो कि अपने-अपने क्वार्टरफाइनल मुकाबलों में शिरकत करेंगे।
इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को जीतने वाले फाइटर को सिल्वर बेल्ट हासिल होगी और भविष्य में खिताबी मैच का भी पक्का दावेदार बन जाएगा। इन क्वार्टरफाइनल मैचों को 13 नवंबर को The Inner Circle 38 और 20 नवंबर को The Inner Circle 39 में आयोजित किया जाएगा।

दो महान फाइटर्स की प्रतिद्वंदिता पहुंचेगी अंजाम तक
मॉय थाई के सबसे चर्चित नाम रोडटंग जित्मुआंगनोन वापसी करने जा रहे हैं और उनका सामना महानतम स्ट्राइकर्स में से एक नोंग-ओ हामा से The Inner Circle 38 के क्वार्टरफाइनल मैच में होगा। इन दोनों की टक्कर पिछले साल होनी थी, लेकिन रोडटंग की बीमारी के चलते मैच रद्द हो गया।
अब टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल में दोनों साबित करना चाहेंगे कि किसमें कितना दम है। इन दोनों के नाम करियर में 500 से ज्यादा जीत दर्ज हैं। जब यह फाइटर्स रिंग में होते हैं और धमाकेदार एक्शन की पूरी गारंटी होती है।
वर्ल्ड टाइटल मैच में दिखेगी जोरदार दुश्मनी
इस साल जून महीने में दो अपराजित स्ट्राइकर्स असादुला इमानगज़ालिएव और असलमजोन ओर्तिकोव ने खिताबी मैच में पांच राउंड तक पूरी ताकत झोंक दी थी, लेकिन जीत इमानगज़ालिएव को हासिल हुई थी। उन्होंने रूस का पहला ONE मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन बनकर इतिहास रचा था।
अब एक बार फिर से दोनों का आमना-सामना एक वर्ल्ड टाइटल रीमैच में होगा, जहां इमानगज़ालिएव क्वार्टरफाइनल में अपने खिताब की रक्षा करते दिखेंगे। वहीं ओर्तिकोव पिछले मैच की गलती को भुलाते हुए इस बार चैंपियन बनना चाहेंगे।
अन्य दो क्वार्टरफाइनल में दिखेंगे उभरते हुए सितारे
अनुभवी स्टार्स की भिड़ंत के अलावा भी दो क्वार्टरफाइनल मैचों में युवा स्टार्स अपना लोहा मनवाते हुए नजर आएंगे। 22 वर्षीय जापानी स्टार शिमोन की भिंड़त रमादान ओन्दाश से होगी। शिमोन ने संगठन में एक भी मैच नहीं गंवाया है तो वहीं ओन्दाश को सिर्फ सात में से एक मैच में हार मिली है।
वहीं अन्य क्वार्टरफाइनल मैच में अनुभवी थाई एथलीट ब्लैक पैंथर का सामना 15 मैचों में अपराजित रहे उबैद हुसैन से होगी। सभी का प्रयास होगा कि वे इन मैचों को जीतकर सेमीफाइनल में दस्तक दें।


Click it and Unblock the Notifications
