15 मुकाबलों वाले One Samurai 1 की घोषणा, भारतीय फैंस की हो गई बल्ले-बल्ले, कब और कहां होंगे मैच
मार्शल आर्ट्स संगठन ONE Championship ने इस महीने 29 अप्रैल को जापान में होने वाले इवेंट ONE SAMURAI 1 के लिए कुल मिलाकर 15 मैचों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इस बेहतरीन इवेंट में किकबॉक्सिंग, मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) और मॉय थाई के शानदार मैच होंगे।
29 अप्रैल से शुरु होने वाली मासिक इवेंट सीरीज के पहले संस्करण का आयोजन टोक्यो के एरियाके एरीना में किया जाएगा। इन मुकाबलों को भारत में सुबह 11 बजे से देखा जा सकेगा। हालांकि, इसके प्रसारण को लेकर जानकारी भविष्य में साझा की जाएगी।

चार वर्ल्ड टाइटल मैच लगाएंगे इवेंट में चार चांद
किसी भी शो का महत्व तब और अधिक बढ़ जाता है, जब उसमें वर्ल्ड टाइटल मैच शामिल हों। इस इवेंट में एक, दो नहीं बल्कि चार खिताबी मैचों को जगह दी गई है। मेन इवेंट मुकाबले में थाई मेगास्टार रोडटंग का सामना जापानी के सबसे बड़े किकबॉक्सर टकेरु सेगावा से होगा।
खास बात यह है कि टकेरु इस मैच के बाद अपने ऐतिहासिक और महान करियर को अलविदा कह देंगे। उनका प्रयास होगा कि आखिरी मैच में खिताबी जीतकर पुरानी हार का बदला लिया जाए। इसके अतिरिक्त दो जापानी चैंपियन अपनी-अपनी बेल्ट की रक्षा करते नजर आएंगे। वहीं युकी योज़ा के रूप में जापानी चैलेंजर जोनाथन हैगर्टी के खिताब को छीनने का प्रयास करेंगे।
ONE SAMURAI 1 भारत के लिए भी है बेहद खास
29 अप्रैल को लाइव प्रसारित होने वाले इवेंट पर भारतीय फैंस की नजरें टिकी होंगी क्योंकि देश की नंबर 1 MMA फाइटर ऋतु फोगाट वापसी करते हुए जापानी की इत्सुकी हिराटा का सामना एटमवेट MMA मैच में करेंगी। फोगाट का प्रयास रहेगा कि वह मैच को जीतकर खिताब की ओर अपनी दावेदारी मजबूत करें।
वहीं अन्य ढेर सारे किकबॉक्सिंग, MMA और मॉय थाई मैचों में जापानी और ग्लोबल फाइटर्स अपनी चमक बिखेरने का प्रयास करेंगे। यह साल के सबसे बड़े मार्शल आर्ट्स इवेंटों मे से एक साबित हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications