Cristiano Ronaldo Retirement: नेमार के बाद क्या क्रिस्टियानो रोनाल्डो भी छोड़ेंगे फुटबॉल? बढ़ी फैंस की धड़कनें
Cristiano Ronaldo Retirement News: इंटरनेशनल फुटबॉल जगत से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। ब्राजील के स्टार फुटबॉलर नेमार जूनियर के अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल को अलविदा कहने के बाद अब पुर्तगाल के महान कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो (Cristiano Ronaldo) ने भी आधिकारिक पुष्टि कर दी है कि जारी फीफा वर्ल्ड कप 2026 करियर का आखिरी विश्व कप होगा।
'यह मेरा आखिरी वर्ल्ड कप, पर उम्मीद है आखिरी मैच नहीं' (Cristiano Ronaldo Retirement News)
स्पेन के खिलाफ होने वाले 'राउंड ऑफ 16' के नॉकआउट मुकाबले से ठीक पहले एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोनाल्डो ने अपने संन्यास को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया। पुर्तगाल के कप्तान रोनाल्डो ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में भावुक होते हुए कहा कि मैं आगामी मैच के हर एक पल का पूरा आनंद लेना चाहता हूं, क्योंकि यह मेरा आखिरी विश्व कप होने जा रहा है। हालांकि, मुझे उम्मीद है कि स्पेन के खिलाफ होने वाला मुकाबला इस टूर्नामेंट में मेरा आखिरी मैच नहीं होगा और हमारी यात्रा आगे भी जारी रहेगी।

रोनाल्डो ने संन्यास पर क्या कहा?
रोनाल्डो ने साफ किया कि टूर्नामेंट में पुर्तगाल का सफर जहां भी खत्म होगा, वे पूरी संतुष्टि के साथ मैदान से विदा लेंगे। उन्होंने कहा कि मुझे अपने करियर को लेकर कोई पछतावा नहीं है। मैंने हमेशा इस खेल के प्रति अपने प्यार और जुनून के साथ फुटबॉल खेला है, रिकॉर्ड या ट्रॉफियों के लिए नहीं। पांच बार के बैलन डी'ओर विजेता रोनाल्डो ने साल 2003 में पुर्तगाल के लिए अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। तब से लेकर अब तक पिछले दो दशकों में वे फुटबॉल इतिहास के सबसे महान खिलाड़ियों में शुमार हो चुके हैं।
पूरा ध्यान स्पेन के खिलाफ नॉकआउट मुकाबले पर
भले ही रोनाल्डो ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वे इसके बाद अगले विश्व कप में नजर नहीं आएंगे, लेकिन उनका पूरा ध्यान इस समय पुर्तगाल को चैंपियन बनाने पर है। उन्होंने अपने इस शानदार सफर के लिए ईश्वर का आभार व्यक्त किया और कहा कि वे खुद को भाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें देश और क्लब स्तर पर इतना सफल करियर मिला।
पुर्तगाल का सामना अब नॉकआउट दौर में स्पेन जैसी मजबूत टीम से होना है। फुटबॉल फैंस के लिए यह मुकाबला बेहद खास हो गया है, क्योंकि हार की स्थिति में विश्व कप के मंच पर रोनाल्डो को आखिरी बार खेलते हुए देखा जा सकता है।















Click it and Unblock the Notifications