पिता के निधन के बाद लिया खेलने का फैसला, भारत के लिए गोल्ड जीत रो पड़ीं अस्मिता, पापा की याद में आए आंसू
Asmita Dey: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत की 23 वर्षीय जूडो खिलाड़ी अस्मिता डे ने ऐसा इतिहास रचा, जिसका इंतजार भारतीय जूडो लंबे समय से कर रहा था। महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में उन्होंने कनाडा की हेइडी क्वाच को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
यह कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में जूडो में भारत का पहला स्वर्ण पदक है। लेकिन इस जीत की सबसे भावुक बात यह रही कि अस्मिता ने यह उपलब्धि अपने पिता के निधन के बाद हासिल की। वह इस जीत के बाद भावुक भी हो गईं।

कौन हैं अस्मिता डे?
अस्मिता डे त्रिपुरा के एक छोटे से गांव से आती हैं। सीमित संसाधनों के बीच उन्होंने बचपन से ही जूडो को अपना सपना बनाया। कड़ी मेहनत और लगातार बेहतर प्रदर्शन के दम पर उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 उनका अब तक का सबसे बड़ा मंच था और उन्होंने इस मौके को ऐतिहासिक उपलब्धि में बदल दिया।
पिता के जाने के बाद नहीं छोड़ा हौसला
अस्मिता की जिंदगी में सबसे बड़ा झटका तब लगा, जब करीब सात महीने पहले उनके पिता का निधन हो गया। वह मानसिक रूप से पूरी तरह टूट गई थीं और उन्हें लगा था कि सब कुछ खत्म हो गया है। परिवार कोच और साथियों के समर्थन ने उन्हें दोबारा खड़ा किया। अस्मिता ने गोल्ड जीतने के बाद अपना पदक अपने दिवंगत पिता को समर्पित किया और कहा कि काश आज वह उन्हें यह पल देख पाते।
फाइनल में दिखाया दम
महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में अस्मिता का मुकाबला कनाडा की हेइडी क्वाच से हुआ। दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन गोल्डन स्कोर तक पहुंचे मुकाबले में अस्मिता ने शानदार दांव लगाकर जीत दर्ज की। इस जीत के साथ उन्होंने भारतीय जूडो के इतिहास में नया पेज लिख दिया।
Heartbroken & so inspired 💔💔🙏🏽
The Commonwealth Games is becoming a daily roll-call of young Indians who have emerged from unimaginable hardship & horrors to win gold.
Look at 23-year-old judoka Asmita Dey, who is now the first Indian to win Commonwealth Games gold in the…
— Shiv Aroor (@ShivAroor) August 1, 2026
भारतीय जूडो के लिए ऐतिहासिक दिन
अस्मिता डे के गोल्ड के साथ ही भारत के हर्ष सिंह ने भी पुरुष वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। पहली बार कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत ने जूडो में दो गोल्ड मेडल जीतकर नया इतिहास रचा। इस उपलब्धि ने साबित कर दिया कि भारतीय जूडो अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बना रहा है और आने वाले वर्षों में देश को इससे बड़ी उम्मीदें हैं।


Click it and Unblock the Notifications
