Pro Kabaddi League: परदीप नरवाल का धांसू प्रदर्शन हो गया बेकार, बेंगलुरु बुल्स को एक अंक से मिली हार
Pro Kabaddi League: प्रो कबड्डी लीग के इस सीजन में ऐसा लगता है कि बेंगलुरु बुल्स की किस्मत खराब है। यू मुम्बा के खिलाफ हुए मैच में बेंगलुरु बुल्स को एक अंक के अंतर से पराजय का सामना करना पड़ा। इस मैच में अंतिम मिनट तक रोमांच बना रहा। परदीप नरवाल का धांसू प्रदर्शन बेकार गया।
बेंगलुरु बुल्स के लिए कप्तान परदीप नरवाल ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए टीम को आगे से लीड किया लेकिन इसका फायदा नहीं हुआ। नरवाल ने कुल 10 अंक हासिल किये। उधर मुम्बा के लिए रेडिंग में अजित चौहान ने भी धमाल मचा दिया और 10 अंक जुटाए। उनके अलावा मनजीत ने भी 9 पॉइंट्स हासिल किये।

11 मैचों में सातवीं जीत ने मुम्बा को अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंचा दिया है। अच्छा खेलने के बावजूद बुल्स को 11 मैचों में नौवीं और लगातार चौथी हार मिली। बुल्स के लिए यह सीजन काफी खराब गया है। नरवाल के होने के बाद भी टीम के प्रदर्शन में गिरावट देखने को मिली है।
दस मिनट के गेम स्कोर 11-9 था और बुल्स महज दो अंकों से पीछे थी। इसके बाद भी दोनों टीमों का बराबरी का मुकाबला चलता रहा। हाफ टाइम तक 21-20 का स्कोर था और एक अंक की लीड मुम्बा के पास थी। मैच काफी रोमांचक था और किसी भी टीम के पक्ष में जा सकता था।
इसके बाद हाफ टाइम के बाद दोनों टीमों ने 2-2 अंक हासिल किये। यहाँ से नवीन और परदीप ने अंक लेकर स्कोर 26-26 किया और बेंगलुरु की टीम मुम्बा के बराबर आ गई। इसके बाद मुम्बा ने फिर से चार अंक लेकर स्कोर 30-27 किया और बुल्स पीछे रह गई। अंतिम समय में दोनों टीमों के बीच बराबरी और एक अंक का फासला चलता रहा। अंत में मुम्बा के पास दो अंकों की लीड थी और बुल्स एक अंक हासिल कर पाई। इस तरह मुम्बा ने 38-37 से मैच जीत लिया।












Click it and Unblock the Notifications