Naveen Kumar Profile: गेम-चेंजर हैं दबंग दिल्ली के कप्तान, लोग यूं ही नहीं कहते 'नवीन एक्सप्रेस'
Naveen Kumar Kabaddi Player Profile: प्रो कबड्डी लीग (PKL) के 10वें सीजन की शुरुआत 2 दिसंबर 2023 से होने जा रही है। इस सीजन का आयोजन देशभर के 12 शहरों में किया जाएगा, जिसकी शुरुआत अहमदाबाद के एरेना बाय ट्रांसस्टेडिया स्टेडियम से होगी। इस टूर्नामेंट से पहले आज हम दबंग दिल्ली के कप्तान नवीन कुमार के बारे में जानेंगे, जोकि अपने असाधारण प्रदर्शन और रेडिंग के लिए मशहूर हैं।
प्रो कबड्डी लीग सीजन की दिल्ली फ्रेंचाइजी, दबंग दिल्ली कबड्डी क्लब के कप्तान नवीन कुमार गोयत को 'नवीन एक्सप्रेस' के नाम से भी जाना जाता है, कबड्डी के सबसे प्रसिद्ध खिलाड़ियों में से एक के रूप में प्रसिद्ध नवीन अपनी टीम के लिए कई मौकों पर गेम-चेंजर साबित हुए हैं।

नवीन को दादाजी ने कराया कबड्डी से परिचित
नवीन का जन्म 14 फरवरी 2000 को सुल्तानपुर, हरियाणा में हुआ था। उन्हें इस खेल से उनके दादाजी ने परिचित कराया था, जोकि पूर्व राज्य-स्तरीय पहलवान थे। उन्होंने अपनी शिक्षा कुरूक्षेत्र विश्वविद्यालय से पूरी की। नवीन कुमार की कबड्डी यात्रा कम उम्र में ही शुरू हो गई थी। जूनियर नेशनल में खेलने के लिए चुने जाने से पहले वह अपने स्कूल की अंडर-17 टीम में एक बड़ा नाम बन चुके थे।
संघर्षों से भरा रहा व्यक्तिगत और पारिवारिक जीवन
हालांकि, कोई भी अच्छी चीज आसानी से नहीं मिलती। जहां तक नवीन की बात है, तो उन्हें कबड्डी में एक बड़ा नाम बनने के अपने सपने को जीवित रखते हुए अपने व्यक्तिगत और पारिवारिक जीवन के बीच बहुत संघर्ष करना पड़ा, लेकिन इस युवा खिलाड़ी को जीवन के हर कदम पर उसके परिवार ने प्रोत्साहित किया। उन्होंने एक बार एक इंटरव्यू में कहा था कि, 'मुझे अपने परिवार और बचपन के कोच का सपोर्ट मिला और मुझे एहसास हुआ कि मुझे कबड्डी के क्षेत्र में कुछ करना है।'
प्रो कबड्डी में की धमाकेदार एंट्री
नवीन को अपने कबड्डी करियर में सफलता तब मिली जब उन्होंने जूनियर नेशनल में SAI के साथ गोल्ड मेडल जीता, जिसके बाद दबंग दिल्ली ने उनके दरवाजे पर दस्तक दी। उन्होंने न्यू यंग प्लेयर (NYP) ट्रायल में भाग लिया और टीम मैनेंजमेंट द्वारा 2018 में प्रो कबड्डी सीजन 6 के लिए मात्र 6.60 लाख रुपये में शामिल कर लिया गया।
उन्होंने पीकेएल सीजन 6 को 177 अंकों के साथ समाप्त किया, जो उनकी टीम के किसी भी खिलाड़ी द्वारा सबसे अधिक है। अपने जबरदस्त फॉर्म के कारण, दबंग दिल्ली एलिमिनेटर राउंड में पहुंचने में सफल रही।
नवीन ने प्रो कबड्डी में अपने दूसरे सीजन में भी उम्मीदों से बढ़कर प्रदर्शन किया। दबंग दिल्ली द्वारा 30 लाख रुपये में रिटेन किए जाने के बाद इस युवा खिलाड़ी 303 अंकों के साथ खेल समाप्त किया, कुछ ही समय में नवीन पीकेएल इतिहास के सबसे शक्तिशाली रेडरों में से एक बन गए। नवीन के नाम लगातार 28 सुपर 10 स्कोर करने का रिकॉर्ड भी है, जो प्रो कबड्डी के इतिहास में किसी भी खिलाड़ी द्वारा सबसे अधिक है।
नवीन ने सीजन 7 में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया और सबसे मूल्यवान खिलाड़ी का पुरस्कार (MVP) जीता। उनकी निरंतरता के लिए उन्हें ' नवीन एक्सप्रेस ' उपनाम भी मिला। सीजन 8 में नवीन ने टूर्नामेंट के शुरुआती कुछ मैच खेले और टीम ने शुरुआती गेम जीते। इस दौरान वह लीग के इतिहास में 600 अंक तक पहुंचने वाले सबसे तेज खिलाड़ी भी बन गए। हालांकि, चोट के कारण उन्हें बीच में ही बाहर जाना पड़ा, जिसके बाद वह टूर्नामेंट के बाद के फेज में लौटे। दबंग दिल्ली ने यह टूर्नामेंट जीता, और नवीन ने सबसे मूल्यवान खिलाड़ी का पुरस्कार भी जीता।
नवीन का अंतर्राष्ट्रीय करियर
नवीन कुमार भारतीय राष्ट्रीय कबड्डी टीम के लिए खेलते हैं। वह 13वें दक्षिण-एशियाई खेलों में राष्ट्रीय टीम का हिस्सा थे , जहां उन्होंने टीम को टूर्नामेंट जीतने में मदद करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बुसान में एशियाई कबड्डी चैंपियनशिप 2023 में नवीन ने अच्छा प्रदर्शन किया और भारत को स्वर्ण पदक दिलाया। उन्हें एशियाई खेलों 2023 के लिए चुना गया था, जिसकी मेजबानी चीन ने की थी।












Click it and Unblock the Notifications