पाकिस्तानी खिलाड़ी ने भारत की जर्सी पहन लहराया तिरंगा, मचा बवाल, खेलने पर लगा आजीवन प्रतिबंध
Pakistan Kabaddi Player Ubaidullah Rajput: खेल के मैदान पर कभी-कभी अनजाने में की गई गलतियां भी करियर के लिए भारी पड़ जाती हैं। ऐसा ही कुछ पाकिस्तान के मशहूर कबड्डी खिलाड़ी उबैदुल्लाह राजपूत (Ubaidullah Rajput) के साथ हुआ है। बहरीन में आयोजित एक निजी टूर्नामेंट में भारतीय टीम की ओर से खेलने और भारतीय ध्वज लहराने के कारण पाकिस्तान कबड्डी फेडरेशन (PKF) ने उन पर शनिवार यानी 28 दिसंबर 2025 को अनिश्चितकालीन प्रतिबंध लगा दिया है।
कंधे पर लपेटा था भारत का तिरंगा (Pakistan Kabaddi Player Ubaidullah Rajput)
पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब बहरीन में खेले गए 'जीसीसी कप' (GCC Cup) के कुछ वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं। इन तस्वीरों में उबैदुल्लाह राजपूत न केवल भारतीय टीम की जर्सी पहने नजर आए, बल्कि एक मैच जीतने के बाद उन्होंने कंधे पर भारत का तिरंगा भी लपेट रखा था। पाकिस्तान में इन तस्वीरों के वायरल होते ही बवाल मच गया और सोशल मीडिया पर उनकी कड़ी आलोचना होने लगी।

फेडरेशन की सख्त कार्रवाई
पाकिस्तान कबड्डी फेडरेशन ने शनिवार को एक आपातकालीन बैठक बुलाई, जिसमें यह पाया गया कि उबैदुल्लाह ने विदेश जाकर खेलने के लिए अनिवार्य एनओसी (NOC) यानी अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं लिया था। फेडरेशन के सचिव राणा सरवर के अनुसार, राजपूत ने न केवल नियमों का उल्लंघन किया, बल्कि प्रतिद्वंद्वी देश का प्रतिनिधित्व कर अनुशासनहीनता की भी सारी हदें पार कर दीं। इसी के आधार पर उन्हें तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित कर दिया गया।
उबैदुल्लाह राजपूत ने मांगी माफी
इस मामले पर अपनी सफाई देते हुए उबैदुल्लाह राजपूत ने माफी मांगी है। उनका दावा है कि उन्हें यह नहीं बताया गया था कि जिस निजी टीम के लिए वह खेल रहे हैं, उसका नाम 'भारतीय टीम' रखा गया है। उन्होंने कहा कि मैं एक निजी टूर्नामेंट में खेलने गया था। मुझे बाद में पता चला कि टीम का नाम भारत के नाम पर है। मैंने आयोजकों से पाकिस्तान और भारत जैसे नामों का उपयोग न करने को भी कहा था।
राजपूत ने आगे स्पष्ट किया कि निजी लीगों में अक्सर भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ी एक ही टीम में खेलते हैं, लेकिन इस बार उन्हें गलत तरीके से पेश किया गया। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए वह कभी भी जानबूझकर ऐसा नहीं करते।












Click it and Unblock the Notifications