IND vs AUS: मेलबर्न में भारतीय कबड्डी टीम ने बरपाया कहर, साढ़े तीन मिनट में निकाली ऑस्ट्रेलिया की हवा
IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न में भारतीय टीम चौथे टेस्ट मैच में खेल रही है और इसमें दो दिन बाद रिजल्ट का पता चल जाएगा लेकिन कबड्डी मैच में परिणाम आ गया और यह भारत के पक्ष में रहा है। मेलबर्न में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच कबड्डी मैच में कंगारुओं की करारी हार हुई। हालांकि इस दौरान दो मैच हुए लेकिन भारत और ऑस्ट्रेलिया के ऊपर ही सभी निगाहें टिकी थीं।
पीकेएल ऑल स्टार मास्टर्स और पीकेएल मावेरिक्स के बीच एक रोमांचक मुकाबला मावेरिक्स के लिए 41-39 की रोमांचक जीत में समाप्त हुआ। इस बीच प्रो कबड्डी ऑल स्टार्स और मेजबान देश के ऑस्ट्रेलियाई रेडर्स के बीच शोपीस अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में ऑल स्टार्स का धांसू प्रदर्शन देखने को मिला।

दूसरे मैच में प्रो कबड्डी ऑल स्टार्स को ऑस्ट्रेलियाई रेडर्स को ऑल आउट करने में केवल साढ़े तीन मिनट लगे, लेकिन बेनी गोवर्स ने परदीप नरवाल को टैकल किया, जिससे ऑस्ट्रेलियाई टीम को चार अंक मिले। ऑस्ट्रेलियाई रेडर्स के लिए पांचवां अंक ब्रेट डेलेडियो ने सौरभ नंदल को आउट करते हुए हासिल किया। पहले हाफ की समाप्ति पर स्कोर 9-24 हो गया था।
हेपेल जीवा कुमार और अनुप कुमार को टच करने में कामयाब होने के बाद ऑस्ट्रेलियाई रेडर्स ने प्रो कबड्डी ऑल स्टार्स को ऑल आउट कर दिया। इस कदम से फासला कम होकर 12 अंक रह गया। हालांकि लीड का यह अंतर कम नहीं था क्योंकि इसे पार करना मुश्किल था।
इसके बाद ऑस्ट्रेलिया की तरफ से प्रयास हुए लेकिन भारत की रक्षा पंक्ति और रेडिंग विभाग ने आसानी से कंगारुओं का आक्रमण झेल लिया। इसके बाद ऑल स्टार्स ने एक बड़े अंतर से मैच अपने नाम कर लिया। 48-26 की स्कोरलाइन से भारत की टीम ने ऑस्ट्रेलिया की टीम को पराजित कर दिया। प्रो कबड्डी लीग की तरफ से ही इन मैचों का आयोजन कराया गया था। इसे पीकेएल मेलबर्न रेड नाम दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications