Pro Kabaddi League: ऑक्शन के 4 दिन बाद प्रो कबड्डी लीग छोड़ गया खिलाड़ी, जानिए कौन और क्यों हुआ बाहर
Pro Kabaddi League: भारत के स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रो कबड्डी लीग के नए सीजन का ऑक्शन देखने को मिला था। दो दिनों तक चले ऑक्शन में कई प्लेयर्स को खरीदा गया था। कुछ बड़ी राशि में बिके तो कई खिलाड़ी ऐसे भी रहे जो बड़ा अमाउंट हासिल नहीं कर पाए थे।
हरियाणा स्टीलर्स की टीम इस सीजन बेहतरीन और सुदृढ़ नज़र आ रही थी लेकिन सीजन शुरू होने से पहले ही टीम के लिए अच्छी खबर सामने नहीं आई है। हरियाणा का एक खिलाड़ी ऑक्शन के चार दिनों के बाद ही बाहर हो गया है और यह बड़ा झटका इसलिए है क्योंकि खिलाड़ी पूरी लीग से बाहर हुआ है।

दरअसल हरियाणा स्टीलर्स के कप्तान टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं और उनको टीम से बाहर करने का कारण सामने नहीं आ पाया है। कप्तान को नीलामी के बाद बाहर करना समझ से परे है। हरियाणा स्टीलर्स ने एक पोस्ट लिखते हुए कहा कि शुक्रिया मोहित, आपके योगदान के लिए हम सराहना करते हैं। भविष्य के लिए आपको शुभकामनाएँ।
गौरतलब है कि मोहित ने प्रो कबड्डी में अपना पहला ही सीजन हरियाणा के लिए खेला था और नियमित रूप से तीन सीजन इसी टीम के लिए खेलते रहे थे। इस बार भी वह टीम में बतौर कप्तान थे लेकिन नीलामी के चार दिन बाद ऐसा क्या हुआ कि उनको रिलीज कर दिया गया। वह जयदीप दहिया के साथ पिछले सीजन कप्तान थे।
हरियाणा ने इस सीजन के लिए नीलामी में ईरान के खिलाड़ी मोहम्मदरेजा शादलू के ऊपर जमकर बोली लगाई थी और अन्य सभी टीमों को पीछे छोड़ते हुए उनको शामिल कर लिया। शादलू को 2 करोड़ से भी ज्यादा की राशि देते हुए उनको हरियाणा ने अपने साथ शामिल कर लिया था।
मोहित नांदल के बाहर होने के बाद अब टीम में किसको शामिल किया जाएगा, यह भी एक देखने वाली बात होगी। मोहित की बराबरी का खिलाड़ी मिलना अब मुश्किल है क्योंकि नीलामी में पहले ही धाकड़ खिलाड़ी बिक चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications