पैरालंपिक गोल्ड मेडलिस्ट धर्मबीर ने अपने कोच के नाम की अपनी जीत, बताया कैसे जीता पदक?
Paralympics gold medallist Dharambir: पैरालंपिक गोल्ड मेडलिस्ट धर्मबीर ने अपनी जीत अपने टीम के साथी और कोच अमित कुमार सरोहा को समर्पित की है। 35 वर्षीय एथलीट धर्मबीर ने 34.92 मीटर के थ्रो के साथ एशियाई रिकॉर्ड तोड़कर पैरालंपिक में गोल्ड मेडल जीता है।
अमित कुमार सरोहा पैरालंपिक में पुरुषों की क्लब थ्रो एफ51 स्पर्धा में आखिरी स्थान पर थे। लेकिन उनके शिष्य धर्मबीर स्वर्ण और प्रणव सूरमा ने रजत पदक जीतकर उनका मिशन पूरा किया है।

धर्मबीर बोले- ओलंपिक में मेडल जीतना सपने जैसा
धर्मबीर ने कहा, "मैं बहुत गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। किसी भी एथलीट के लिए ओलंपिक (पैरालिंपिक) में पदक जीतना एक सपना होता है और मेरा सपना सच हो गया है। मेरे मार्गदर्शक अमित कुमार सरोहा ने इसमें बड़ी भूमिका निभाई है।"
उन्होंने कहा, "हम उनके (अमित सरोहा) बारे में जानने के बाद इस खेल में आए, मुझे उम्मीद है कि अगली पीढ़ी (एथलीटों की) हमें देखेगी और इस खेल में शामिल होगी।"
धर्मबीर बोले-मैं पुरस्कार को अपने गुरु अमित सरोहा को समर्पित करता हूं
धर्मबीर ने उम्मीद जताई कि उनकी उपलब्धि भविष्य की पीढ़ी के पैरा-एथलीटों को प्रेरणा देगी। धर्मबीर ने अपना पुरस्कार 39 वर्षीय अनुभवी खिलाड़ी अमित सरोहा को समर्पित किया। उन्होंने कहा, ''मैं इस पुरस्कार को अपने गुरु अमित सरोहा को समर्पित करता हूं। शुरुआत से ही उनका आशीर्वाद मेरे साथ है और इसी कारण मैं यह पदक जीतने में सफल रहा हूं।''
धर्मबीर ने बताया कैसे जीता उन्होंने गोल्ड मेडल?
धर्मबीर का पैरा खेलों में प्रवेश एक गंभीर चोट के बाद हुआ, जिससे वह कमर से नीचे लकवाग्रस्त हो गए। 2014 में, उन्होंने अमित के मार्गदर्शन में क्लब थ्रो का प्रशिक्षण शुरू किया। पैरालंपिक में अपने पहले चार थ्रो में फाउल करने के बावजूद, धर्मबीर अपने कोच से आश्वस्त करने वाली नजर मिलने के बाद स्वर्ण पदक हासिल करने में सफल रहे।
धर्मबीर ने कहा,"हमारी श्रेणी सबसे निचली है। उंगलियां काम नहीं करती हैं, इसलिए हमें क्लब को गोंद से चिपकाकर फेंकना पड़ता है। शुरू में, मैंने कुछ फाउल किए क्योंकि गोंद अच्छे से नहीं लगा था। दबाव भी एक बड़ा कारक है और जब आप फाउल करते हैं, तो दिमाग काम करना बंद कर देता है। मैंने अपने कोच से आंखें मिलाईं, और पांचवाँ थ्रो अच्छा निकला।"
धर्मबीर ने एशियाई रिकॉर्ड तोड़ने पर भी गर्व व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "मुझे बहुत गर्व हो रहा है कि इस पदक के साथ एशियाई रिकॉर्ड भी आया है। प्रणव सूरमा ने पहले यह रिकॉर्ड तोड़ा था, और अब यह मेरे पास है। वह एक बहुत अच्छा एथलीट है, और हमारा मुकाबला इसी तरह चलता रहेगा।''












Click it and Unblock the Notifications