ज़िम्बाब्वे क्रिकेट टीम की किस्मत बदली, 20 साल बाद इंग्लैंड दौरे पर खेलने के लिए जाएगी
Zimbabwe to tour England: जिम्बाब्वे क्रिकेट में एक बड़ा डेवलपमेंट देखने को मिला है। जिम्बाब्वे साल 2003 के बाद पहली बार इंग्लैंड दौरा करने के लिए तैयार है। वहां चार दिवसीय टेस्ट मैच खेलेंगी। साल 2025 में यह दौरा होगा और मैच 28 मई से होगा। टेस्ट मैच का वेन्यू फ़िलहाल निर्धारित नहीं किया गया है। जिम्बाब्वे क्रिकेट ने इस बारे में जानकारी दी है।
पिछली बार जब जिम्बाब्वे की टीम ने इंग्लैंड दौरा किया था, तब दो टेस्ट मैचों की सीरीज में हार का सामना करना पड़ा था। दोनों ही टेस्ट मैच इंग्लैंड ने पारी के अंतर से जीते थे। इसके बाद एक त्रिकोणीय सीरीज भी खेली गई थी। इसमें तीसरी टीम दक्षिण अफ्रीका की थी।

जिम्बाब्वे क्रिकेट के प्रबंध निदेशक ने इस फैसले को लेकर ख़ुशी जताई और कहा कि दो दशक बाद जिम्बाब्वे की टीम इंग्लैंड जाएगी, इस द्विपक्षीय दौरे के लिए ख़ुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि परिणाम पर जोर नहीं दूंगा लेकिन जिम्बाब्वे के साथ फिर से क्रिकेट संबंध शुरू करने के लिए ईसीबी को धन्यवाद देता हूँ।
इस बीच ईसीबी के मुख्य कार्यकारी रिचर्ड गोल्ड ने कहा कि हम दो दशक के बाद जिम्बाब्वे की मेजबानी करेंगे और इसकी हमें काफी ख़ुशी है। जिम्बाब्वे ने वर्ल्ड क्लास खिलाड़ी और कोच दिए हैं, उनका क्रिकेटिंग इतिहास काफी गौरवपूर्ण रहा है। उन्होंने दुनिया भर में क्रिकेट को समृद्ध किया है।
ईसीबी के मुख्य कार्यकारी ने यह भी कहा कि इस टेस्ट मैच की घोषणा करना जिम्बाब्वे के साथ क्रिकेटिंग सम्बन्ध घनिष्ठ करने की दिशा में कदम है। यह उस महत्वकांक्षा को दर्शाता है। इस साल टेस्ट क्रिकेट में एशेज सीरीज के दौरान लम्बे प्रारूप की महानता देखने को मिली।
गौरतलब है कि जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम इस साल वनडे वर्ल्ड कप में जगह हासिल करने में नाकाम रही। वर्ल्ड कप के क्वालीफायर मुकाबले जिम्बाब्वे में ही खेले गए थे लेकिन उनको आगे जाने का मौका नहीं मिल पाया। टीम को इससे निराशा जरुर हुई होगी।












Click it and Unblock the Notifications