युसूफ पठान को मिली क्रिकेट में बड़ी जिम्मेदारी, काम के लिए कोई पैसा भी नहीं लेंगे
नई दिल्ली, 30 जून: भारत के पूर्व क्रिकेटर युसूफ पठान को बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) ने जूनियर के साथ-साथ सीनियर टीम के मेंटर के रूप में नियुक्त किया है। पठान जल्द ही बीसीए के साथ काम करना शुरू करने के लिए मेंटर की भूमिका निभाएंगे। इस कदम से पठान के गृहनगर वडोदरा के युवा और नवोदित क्रिकेटरों को खासतौर पर सहायता मिलेगी।

पठान बंधु क्रिकेट अकादमी ऑफ पठान्स (सीएपी) के माध्यम से भारत के विभिन्न हिस्सों में क्रिकेटरों की मदद करते रहे हैं। पूरे भारत में उनके 31 केंद्र हैं, जिनमें हाल ही में सलेम, तमिलनाडु में उद्घाटन किया गया है। वडोदरा से कई प्रतिभाशाली भारतीय क्रिकेटर आए हैं जिसमें पठान बंधुओं के अलावा, पांड्या बंधु (हार्दिक और कुणाल) और भारतीय खिलाड़ी यास्तिका भाटिया और राधा यादव भी हैं।
जानकारी के अनुसार यूसुफ को शामिल करने का निर्णय शुक्रवार को बीसीए की टॉप परिषद द्वारा लिया गया था। उनका शुरुआती कॉन्ट्रैक्ट एक साल के लिए होगा और अगले सत्र में इसको रिव्यू किया जाएगा। बीसीए के सीईओ शिशिर हट्टनगडी के अनुसार युसूफ इस काम के लिए एसोसिएशन से कोई पैसा नहीं लेंगे।
युसूफ को तेजी से रन बनाने की उनकी क्षमता के कारण सबसे ज्यादा जाना जाता है। हालांकि करियर परवान नहीं चढ़ पाया लेकिन उन्होंने कुछ पारियों के जरिए वो क्षमता दिखाई जो भारत के किसी और क्रिकेट में दुर्लभ ही मिलती है। वे गेंदबाजों के निर्मम तरीके से छक्के छुड़ाते थे। अंतरराष्ट्रीय संन्यास के बाद युसूफ पठान का यह पहला बड़ा कार्यकाल होगा क्योंकि उन्होंने अपने रिटारयमेंट के बाद से कभी भी कोई भूमिका नहीं निभाई थी।
युसूफ ने संन्यास की घोषणा फरवरी 2021 में की थी। ऑलराउंडर ने पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल के दौरान आईसीसी विश्व टी 20 में डेब्यू किया और अपने भाई इरफान पठान के साथ खेला। तब से, उन्होंने 57 एकदिवसीय और 22 T20I में भारत का प्रतिनिधित्व किया। वह लंबे समय तक इंडियन प्रीमियर लीग का भी हिस्सा रहे थे।
ODI में, यूसुफ ने 810 रन बनाए, जबकि उन्होंने खेले गए 22 टी20 में 236 रन बनाए। वे ऑफ स्पिन भी कर लेते थे जिसने उनको एकदिवसीय मैचों में 33 और T20I में 13 विकेट भी दिलाए। यूसुफ ने बड़ौदा के लिए 100 फर्स्ट क्लास मैचों में भी भाग लिया है, जहां उन्होंने 201 विकेट लिए और 34.46 की औसत से 4,825 रन बनाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications