25 साल की यास्तिका भाटिया ने इंग्लैंड में मचाया कोहराम, लॉर्ड्स में शतक जड़ बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड
Yastika Bhatia: इंग्लैंड के खिलाफ चल रहे लॉर्ड्स टेस्ट मैच में भारतीय महिलाओं ने धाकड़ खेल का प्रदर्शन किया है। पहली पारी के आधार पर मेजबान टीम के ऊपर लीड हासिल करने के बाद भारतीय टीम ने दूसरी पारी में भी वही दमखम दिखाया है। दूसरी पारी में यास्तिका भाटिया ने शतक जड़कर इतिहास रच दिया।
यास्तिका भाटिया महिला क्रिकेट में लॉर्ड्स में शतक जड़ने वाली पहली महिला खिलाड़ी बन गई हैं। यास्तिका ने अपना शतक 145 गेंदों में जमाया, इस दौरान उनके बल्ले से कुल 12 चौके देखने को मिले हैं। अपने करियर में शायद यास्तिका इस पल को हमेशा याद रखना चाहेंगी।

तीसरे दिन के खेल में वह 113 रनों की पारी खेलकर आउट हुईं। टेस्ट क्रिकेट में यास्तिका का यह पहला शतक है। इस शतकीय पारी के साथ ही यास्तिका का नाम और लॉर्ड्स के ऑनर बोर्ड पर भी लिखा जाएगा। इसी मैच में क्रांति गौड़ ने 5 विकेट लेते हुए लॉर्ड्स में इतिहास रचने का काम किया है। अब यास्तिका भी इस सफर में क्रांति के साथ हैं।
दूसरी पारी में टीम इंडिया की शुरुआत शानदार रही। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने इंग्लैंड की गेंदबाजी को जमकर धोया। दोनों ने नई गेंद की चमक अपने शॉट्स से फीकी करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। पहले विकेट के लिए इनके बीच 88 रनों की भागीदारी हुई।
स्मृति मंधाना दूसरी पारी में भी चूक गईं
स्मृति मंधाना ने पहली पारी की तरह इस बार भी फिफ्टी जमाई। उनको शतक नहीं जड़ने का मलाल जरूर होगा। पिछली पारी में भी वह चूक गई थीं लेकिन यास्तिका ने कमाल कर दिया। शेफाली वर्मा के बल्ले से 33 रनों की पारी देखने को मिली। कप्तान हरमनप्रीत कौर और जेमिमा रोड्रिग्स का बल्ला दूसरी पारी के दौरान नहीं चल पाया। भारतीय टीम ने 400 से ज्यादा रनों की बढ़त हासिल कर इंग्लैंड पर दबाव बना दिया।
पहली पारी के आधार पर भारत को बड़ी बढ़त
पहली पारी में भारतीय टीम ने 285 रनों का स्कोर बनाया था। इसके बाद जवाबी पारी में खेलते हुए इंग्लैंड की टीम 170 रनों के स्कोर पर आउट हो गई। भारत के लिए क्रांति गौड़ ने 5 विकेट झटके। टीम इंडिया ने एक बड़ी बढ़त हासिल कर ली।


Click it and Unblock the Notifications
