WTC Final: अक्षर पटेल ने किया खुलासा, आईपीएल के दौरान इस तरह कर रहे थे टेस्ट की तैयारी
भारतीय टीम के खिलाड़ी आईपीएल में खेलने के बाद वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल मुकाबले में खेलने के लिए मैदान पर उतरेंगे। मैच 7 जून से होगा।

WTC Final, Axar Patel: भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 7 जून को आईसीसी टेस्ट चैम्पियनशिप का फाइनल मुकाबला खेलने के लिए मैदान पर उतरेगी। टीम इंडिया ने अंतिम बार कोई आईसीसी इवेंट साल 2013 में जीता था। इसके बाद से अब तक एक तरह से अकाल ही कहा जा सकता है।
आईपीएल में खेलने के बाद भारतीय टीम के खिलाड़ी तुरंत इंग्लिश परिस्थितियों में ढलने का प्रयास कर रहे हैं। इस बारे में अक्षर पटेल की तरफ से एक बड़ा खुलासा हुआ है। पटेल ने कहा कि रेड बॉल को लेकर हमारी बात पहले ही हो गई थी।
आईसीसी से बातचीत में अक्षर पटेल ने कहा कि आईपीएल के दौरान ही चर्चा हो गई थी कि हम रेड बॉल से गेंदबाजी करेंगे। हमारे पास रेड बॉल थीं और हम उनका इस्तेमाल करते थे। आपको पता होता है कि कितना समय बचा है और कब खेलना है। सफेद गेंद से लाल गेंद का मानसिक स्विच मुश्किल है, हमारे पास पर्याप्त समय है।
वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल मैच में ड्यूक बॉल इस्तेमाल में ली जाएगी। इसे लेकर अक्षर पटेल ने कहा कि सफेद गेंद से रेड बॉल में जाने की तरह ही एसजी से ड्यूक की तरफ जाना है। आपको अपनी प्रतिभा और कौशल का उपयोग करना होता है।अपनी योजनाओं को लागू करना होता है। गेंद कोई भी हो, आप सही लाइन से सटीक जगह डालते हैं, तो यह काम करती है।
गौरतलब है कि भारतीय टीम आईपीएल के बाद इंग्लैंड में टेस्ट मैच खेलेगी। हालांकि इसमें चुनौती तो मिलेगी लेकिन मुश्किल काम नहीं कहा जा सकता है। टीम इंडिया के दिग्गज खिलाड़ी चेतेश्वर पुजारा पहले से ही इंग्लैंड में हैं। वह काउंटी क्रिकेट में खेल रहे थे। पुजारा को वहां की परिस्थितियों के बारे में भी सब पता है। कोहली, रोहित और रहाणे भी अनुभवी खिलाड़ी हैं। सबको इंग्लैंड में खेलने का अनुभव है। हालांकि ऑस्ट्रेलिया की मजबूत टीम को पराजित करना आसान काम नहीं होगा।












Click it and Unblock the Notifications