WTC Final: ऑस्ट्रेलिया ने रचा इंटरनेशनल क्रिकेट में इतिहास, सभी आईसीसी इवेंट्स जीतने वाली पहली टीम
WTC Final: ऑस्ट्रेलिया वर्ल्ड क्रिकेट में ऐसी पहली टीम बन गई है, जिसने आईसीसी के सभी चार इवेंट्स में खिताबी जीत हासिल की है। अन्य टीमें ऐसा नहीं कर पाई हैं।
WTC Final: वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में जीत दर्ज करते ही ऑस्ट्रेलियाई टीम ने इतिहास रच दिया। ऑस्ट्रेलियाई टीम वर्ल्ड की ऐसी पहली टीम बन गई है, जिसने आईसीसी के सभी इवेंट्स के फाइनल मैचों में जीत दर्ज कर खिताब हासिल किया है।
ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के द ओवल में खेले गए फाइनल में भारतीय टीम को 209 रनों के बड़े अंतर से पराजित कर दिया। टीम इंडिया को दूसरी पारी में 234 रनों के कुल स्कोर पर आउट कर ऑस्ट्रेलिया की टीम वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के दूसरे सीजन की चैम्पियन बन गई।

ऑस्ट्रेलियाई टीम के नाम एक ऐसा कीर्तिमान दर्ज हो गया है, जो अन्य किसी भी टीम के नाम नहीं है। आईसीसी के सभी इवेंट्स में खिताबी जीत दर्ज करने वाली कंगारू टीम ने 9 ट्रॉफी जीती है। पिछली बार ऑस्ट्रेलियाई टीम वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में नहीं पहुंच पाई थी।
ऑस्ट्रेलिया ने आईसीसी के ये इवेंट जीते हैं
वनडे वर्ल्ड कप- एकदिवसीय क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया का काफी दबदबा रहा है। सालों तक यह टीम बादशाह रही है। आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप में कंगारुओं ने सबसे ज्यादा बार खिताबी जीत दर्ज की है। वनडे वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया ने 5 बार खिताब जीता है। 1987 में वर्ल्ड कप जीतने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने 1999, 2003 और 2007 में कप जीता और 2015 में भी खिताबी जीत दर्ज की।
टी20 वर्ल्ड कप- सबसे छोटे प्रारूप में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने एक खिताब जीता है। 2021 में यूएई में खेले गए वर्ल्ड कप में कंगारुओं ने पहली बार खिताबी जीत दर्ज की। ऑस्ट्रेलिया के सामने फाइनल मैच में न्यूजीलैंड की टीम थी।
चैम्पियंस ट्रॉफी- यहाँ भी कंगारुओं का दबदबा देखने को मिला है। आईसीसी चैम्पियन ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया ने दो बार खिताबी जीत दर्ज की है। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने लगातार दो बार यह इवेंट अपने नाम किया था। 2006 में भारत में आयोजित चैम्पियंस ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया ने जीत दर्ज की। इसके बाद 2009 में दक्षिण अफ्रीका में भी ऑस्ट्रेलिया ने चैम्पियंस ट्रॉफी अपने नाम की।
वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप- इस टूर्नामेंट के दूसरे सीजन में खिताब हासिल करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने इतिहास रच दिया। इंग्लैंड के ओवल में खेलते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम ने फाइनल मैच में टीम इंडिया को हरा दिया। 209 रनों से मैच जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने आईसीसी के सभी इवेंट्स में ट्रॉफी जीतने का गौरव हासिल किया।












Click it and Unblock the Notifications