IND vs AUS: पहले अंपायर फिर ठाकुर ने दिया रोहित शर्मा को धोखा! विराट कोहली को भी नहीं आया यकीन
ICC World Test Championship Final 2023: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल मैच में भारत ने लंच से पहले ही अपना एक रिव्यू गंवा दिया।

AUS vs IND, Final, ICC World Test Championship Final 2023: लंदन के ओवल स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने भारत के सामने ठोस शुरुआत की। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से डेविड वॉर्नर ने शुरुआती दो घंटे में कमाल की बल्लेबाजी की। हालांकि, लंच से ठीक पहले डेविड वॉर्नर आउट होकर पवेलियन लौट गए।
भारत ने गंवाया रिव्यू: भारतीय तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर और मार्नस लाबुशेन के बीच रोमांचक जंग देखने को मिली। इस दौरान मार्नस लाबुशेन को लेकर शार्दुल ठाकुर ने कई अपील भी की। ठाकुर की एक गेंद मार्नस लाबुशेन के सीधे पैड से जा टकराई, जिसके बाद खिलाड़ियों ने जोरदार अपील की। लेकिन अंपायर ने लाबुशेन को नॉट आउट करार दिया।
लाबुशेन को मिला किस्मत का साथ: रोहित शर्मा ने केएस भरत और शार्दुल ठाकुर से बात करने के बाद रिव्यू लिया। थर्ड अंपायर ने दोबारा एलबीडब्ल्यू को चेक किया और फैसला अंपायर कॉल्स के रूप में ऑस्ट्रेलिया के पक्ष में गया। अगर अंपायर ने आउट दिया होता तो फैसला आउट होता। यानी अंपायर के फैसले के कारण रोहित का यह डीआरएस सफल नहीं हो सका।
भारत ने गंवाया रिव्यू: इसके बाद अगले ओवर में एक बार फिर शार्दुल ठाकुर ने मार्नस लाबुशेन को लेकर एलबीडब्ल्यू की अपील की। अंपायर ने इस बार भी बल्लेबाज को नॉट आउट दिया। ठाकुर के कहने पर रोहित ने रिव्यू लिया और गेंद विकेट को मिस करते हुए जा रही थी। लिहाजा भारत ने लंच से पहले ही अपना पहला रिव्यू गंवा दिया। रोहित को एक बार अंपायर तो वहीं दूसरी बार शार्दुल का साथ नहीं मिल पाया। दोनों बार डीआरएस गलत होता देख विराट कोहली भी हैरान नजर आए।
ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 73/2: फाइनल टेस्ट मैच के पहले दिन के लंच तक ऑस्ट्रेलिया की स्थिति मजबूत नजर आ रही है। ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट खोकर 73 रन बना लिए हैं। लंच से ठीक पहले शार्दुल ठाकुर ने डेविड वॉर्नर को पवेलियन भेजकर भारत को बड़ी सफलता दिलाई। वॉर्नर ने 60 गेंद में आठ चौकों की मदद से 43 रन बनाए थे। वहीं मोहम्मद सिराज ने उस्मान ख्वाजा को खाता खोले बिना ही पवेलियन भेज दिया था।












Click it and Unblock the Notifications