WTC Final 2023: शुभमन गिल के विवादित कैच पर ICC के ट्वीट से फैंस हुए निराश
India vs Australia: शुभमन गिल का कैच लेने वाले कैमरन ग्रीन का शानदार प्रयास दिखाते हुए आईसीसी ने जो पोस्ट शेयर की है, वह फैंस को ज्यादा पसंद नहीं आ रही है।
WTC Final 2023 in Hindi: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल मुकाबले के चौथे दिन शुभमन गिल के कैच पर एक ट्वीट किया है। यह कैच गली में खड़े लंबे कद के आलराउंडर कैमरन ग्रीन (Cameron Green) ने अपनी बाई और डाइव लगाते हुए लिया था।
यह गेंद कैमरन ग्रीन के पास आते आते काफी नीचे हो गई थी, जिसके चलते इस पर काफी चर्चा हुई कि कैच क्लीन लिया गया है या नहीं। मामला मैदानी अंपायरों के समझ के बाहर था तो थर्ड अंपायर को बीच में लाया गया।

थर्ड अंपायर ने कई एंगल देखने के बाद यह पाया कि कैमरन ग्रीन की उंगली गेंद के नीचे थी, इसलिए गिल को पवेलियन लौटना पड़ेगा। गिल को यह फैसला काफी हैरानी भरा लगा और वे निराश होते हुए पवेलियन लौटे।
आईसीसी ने कैमरन ग्रीन के कैच को दिखाने के लिए 4 फोटो का कोलाज तैयार करते हुए एक ट्वीट किया। एक विवादित कैच का महिमामंडन फैंस के गले नहीं उतरा है। साथ ही, आईसीसी ने वही एंगल इस्तेमाल किए हैं, जिसमें यह कैच ठीक-ठाक नजर आता है और कैमरन ग्रीन की जबरदस्त फील्डिंग दिखाई देती है।
इस मामले में कोई शक नहीं है कि ग्रीन ने बहुत अच्छी फील्डिंग की है और कैच लपकने का हर संभव प्रयास किया है, पर यह भी नहीं कहा जा सकता कि कैच पूरी तरह से क्लीन था। कुछ दूसरे एंगल ऐसे भी मौजूद हैं जहां शक की गुंजाइश नजर आती है।
जैसे कि गिल ने अपने ट्विटर अकाउंट से जो स्क्रीनशॉट शेयर किया है, वह कैच पर शक करने के लिए पर्याप्त कारण दे देता है। इसलिए आईसीसी के इस ट्वीट पर यूजर्स बहुत खुश नहीं है और उनका कहना है कि सही एंगल से कैच को नहीं दिखाया जा रहा है। जिस एंगल से बल्लेबाज आउट लगता है उसी को आईसीसी ने इस्तेमाल किया है।
ऐसे में इस ट्वीट पर अधिकतर यूजर्स ने आईसीसी को आड़े-हाथों लिया। उनका मानना है कि गेंद ग्राउंड पर टच कर रही थी।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications