WPL 2026: दिल्ली पस्त, RCB मस्त, स्मृति मंधाना ने धमाकेदार पारी खेल रचा इतिहास, टीम को दिलाई लगातार चौथी जीत
WPL 2026 Smriti Mandhana: विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का विजय रथ रुकने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को खेले गए मुकाबले में RCB ने दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट से करारी शिकस्त देते हुए टूर्नामेंट में अपनी लगातार चौथी जीत दर्ज की। इस जीत की सबसे बड़ी हीरो रहीं कप्तान स्मृति मंधाना, जिन्होंने अपनी टीम को दमदार बल्लेबाजी कर एक यादगार जीत दिलाई।
स्मृति मंधाना ने तोड़ा हरमनप्रीत का रिकॉर्ड (WPL 2026 Smriti Mandhana)
इस पारी के साथ मंधाना ने एक ऐसा रिकॉर्ड भी बनाया जिससे इतिहास के पन्नों में उनका नाम सुनहरे अक्षरों में लिख दिया गया है। स्मृति मंधाना ने दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए मात्र 61 गेंदों में 96 रनों की तूफानी पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 13 चौके और 3 गगनचुंबी छक्के जड़े। इस शानदार प्रदर्शन के साथ ही स्मृति अब WPL इतिहास में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं।

शतक से चूक गई मंधाना
स्मृति मंधाना ने भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर का रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जिन्होंने 2024 में गुजरात जायंट्स के खिलाफ नाबाद 95 रन बनाए थे। हालांकि स्मृति अपने शतक से मात्र 4 रन चूक गईं, लेकिन उनकी इस पारी ने RCB की जीत आसान कर दी। मंधाना अब एलीसा हीली और बेथ मूनी के साथ संयुक्त रूप से WPL में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाली खिलाड़ी भी बन गई हैं।
मैच का ऐसा रहा हाल
टॉस जीतकर आरसीबी ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उनके विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने 62 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेलकर टीम को संभालने की कोशिश की। अंत में लुसी हैमिल्टन के 36 रनों की बदौलत दिल्ली ने 166 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया।
आरसीबी की ओर से गेंदबाजी में लॉरेंस बेल और सायली सतघरे ने घातक प्रदर्शन करते हुए 3-3 विकेट झटके। 167 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। स्मृति मंधाना और जॉर्जिया वोल (54 रन) के बीच हुई बेहतरीन साझेदारी ने दिल्ली के गेंदबाजों को मैच से बाहर कर दिया। आरसीबी ने इस लक्ष्य को महज 18.2 ओवरों में ही हासिल कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications