WPL 2026 में हुआ बड़ा बदलाव, पहली बार RTM की हुई एंट्री! नए नियम जारी!
WPL 2026 New guidelines: महिला प्रीमियर लीग (WPL 2026) सीज़न के लिए तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आगामी मेगा ऑक्शन और खिलाड़ियों के रिटेंशन से जुड़े नियम और समय सीमा की घोषणा कर दी है। नए नियमों के अनुसार हर फ्रेंचाइज़ी को नीलामी से पहले अधिकतम पांच खिलाड़ियों को अपनी टीम में बनाए रखने की अनुमति होगी। खिलाड़ियों को रिटेन करने की अंतिम तारीख 5 नवंबर तय की गई है।
पहली बार नीलामी में होगा RTM का इस्तेमाल (WPL 2026 New guidelines)
टीम अधिकतम तीन कैप्ड भारतीय खिलाड़ी और दो विदेशी खिलाड़ी रख सकती है। अधिकतम पांच खिलाड़ी रिटेन करने पर टीम के लिए कम से कम एक अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी को शामिल करना अनिवार्य होगा। WPL के इस सीजन में एक बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। पहली बार राइट-टू-मैच (RTM) कार्ड का इस्तेमाल किया जाएगा। RTM कार्ड फ्रेंचाइज़ी को नीलामी में किसी ऐसे खिलाड़ी को वापस खरीदने का मौका देता है जो 2025 सीज़न में उनकी टीम का हिस्सा था।

कितने खिलाड़ियों को रिटेन करने की होगी इजाजत
अगर कोई टीम पूरे पांच खिलाड़ियों को रिटेन करती है, तो वह RTM विकल्प खो देगी। अगर टीम केवल एक खिलाड़ी को रिटेन करती है तो वह नीलामी में चार आरटीएम का उपयोग कर सकती है। बीसीसीआई ने हर टीम के लिए नीलामी पर्स को 15 करोड़ रुपये तय किया है। रिटेंशन के लिए सैलरी स्लैब भी निर्धारित किए गए हैं, जो पहले खिलाड़ी के लिए 3.5 करोड़ रुपये से शुरू होकर पांचवें खिलाड़ी के लिए 50 लाख रुपये तक जाते हैं।
फ्रेंचाइजियों के पर्स से कटेंगे पैसे
फ्रेंचाइजियों के पर्स से कटौती, रिटेन किए गए खिलाड़ियों की संख्या पर निर्भर करेगी। एक खिलाड़ी के लिए 3.5 करोड़ से लेकर पांच खिलाड़ियों के लिए 9.25 करोड़ रुपये तक हो सकती है। टीमों को स्लैब मूल्य से अधिक सैलरी पर भी खिलाड़ियों के साथ बातचीत करने की छूट होगी। लेकिन सहमत हुई पूरी राशि पर्स से काटी जाएगी। अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों के लिए न्यूनतम सैलरी 50 लाख रुपये तय की गई है, जिसे आपसी समझौते से बढ़ाया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications