Mumbai Indians ने लॉन्च की नई जर्सी, कौन है टीम का सबसे महंगा खिलाड़ी? कप्तान से भी ज्यादा है सैलरी
WPL 2026, Mumbai Indians: विमेंस प्रीमियर लीग (WPL 2025) की चैंपियन टीम मुंबई इंडियंस (MI) एक बार फिर नए जोश के साथ मैदान पर उतरने को तैयार है। 2 जनवरी 2026 को टीम ने आधिकारिक तौर पर अपनी नई जर्सी का अनावरण किया। यह जर्सी दिखने में बेहद शानदार है, इस बार की जर्सी की मुख्य थीम 'विकेट पल्स' रखी गई है। यह मुंबई शहर की कभी न रुकने वाली रफ्तार और टीम के निरंतर बढ़ते हौसले का प्रतीक है।
मुंबई की नई जर्सी में क्या है खास (WPL 2026, Mumbai Indians)
जर्सी के आगे और पीछे के हिस्से में गहरे नीले रंग का इस्तेमाल किया गया है। यह मुंबई की पहचान बन चुकी 'लोकल ट्रेन' की गति और अरब सागर की लहरों से प्रेरित है। यह डिजाइन बताता है कि मुंबई एक ऐसा शहर है जो हमेशा चलता रहता है और कभी थकता नहीं है। मुंबई इंडियंस की पहचान इसके सिग्नेचर नीले और सुनहरे रंगों से है, लेकिन इस बार इसमें 'कोरल' रंग का भी तड़का लगाया गया है।

जर्सी लॉन्च के मौके पर क्या बोले प्रवक्ता
जर्सी पर दिख रहा नीला रंग शहर की निरंतर गति और जीवंतता का प्रतिनिधित्व करता है। जर्सी में कोरल रंग के हल्के शेड्स टीम के भीतर के तालमेल, एकता और 'वन फैमिली' के भाव को प्रकट करते हैं। मुंबई इंडियंस के प्रवक्ता ने जर्सी लॉन्च के मौके पर कहा कि यह केवल एक किट नहीं है, बल्कि मुंबई के लोगों और उनकी हिम्मत को एक श्रद्धांजलि है। जर्सी का हर धागा फैंस के जुनून और खिलाड़ियों की मेहनत की कहानी कहता है।
नेट साइवर-ब्रंट हैं टीम की सबसे महंगी खिलाड़ी
WPL 2026 के रिटेंशन में मुंबई इंडियंस ने अपनी कप्तान हरमनप्रीत कौर पर बड़ा दांव खेला है। टीम ने उनकी सैलरी में करीब 40% का तगड़ा इजाफा करते हुए उन्हें 2.5 करोड़ रुपये में रिटेन किया है, जो पिछले सीजन में 1.8 करोड़ रुपये थी। हालांकि, इस भारी बढ़ोतरी के बावजूद हरमनप्रीत टीम की सबसे महंगी खिलाड़ी नहीं हैं। मुंबई ने अपनी स्टार ऑलराउंडर नेट साइवर-ब्रंट की बादशाहत बरकरार रखी है, जिन्हें 3.5 करोड़ रुपये की मोटी रकम मिली है। साफ है कि चैंपियन मुंबई इंडियंस अपने कोर खिलाड़ियों की कद्र करना बखूबी जानती है।












Click it and Unblock the Notifications