जैवलिन थ्रो में होगा रोमांचक मुकाबला, नीरज चोपड़ा के साथ फाइनल में पहुंचे डीपी मनु और किशोर जेना
World Athletics Championships: ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने वर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में शानदार खेल का प्रदर्शन किया है। नीरज ने मेन्स जैवलिन थ्रो इवेंट में पहली ही कोशिश में 88.77 मीटर दूर भाला फेंककर फाइनल में जगह बना ली है। नीरज के अलावा इस टूर्नामेंट में भारत के दो और भाला फेंक खिलाड़ी- डीपी मनु (DP Manu) और किशोर जेना (Kishore Jena) ने भी चैंपियनशिप फाइनल में जगह बना ली है।
विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में तीन भारतीयों ने किया क्वालीफाई
दरअसल, अब विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरुषों के भाला फेंक फाइनल के लिए 3 भारतीयों ने क्वालीफाई कर लिया है। क्वालिफिकेशन राउंड में प्रवेश करने वाले तीनों भारतीयों ने शुक्रवार, 25 अगस्त को बुडापेस्ट में बेहतरीन प्रदर्शन के साथ 12-सदस्यीय फाइनल में जगह बनाई है।

टूर्नामेंट तीन भारतीय और एक पाकिस्तानी खिलाड़ी
बुडापेस्ट में पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा के फाइनल में 12 पुरुषों में से तीन खिलाड़ी भारत और एक पाकिस्तान से है।नीरज चोपड़ा ने 88.77 मीटर के अपने ट्रेडमार्क वन-एंड थ्रो के साथ क्वालिफिकेशन राउंड में टॉप स्थान हासिल किया है। मैदान पर अपना दबदबा बनाने के लिए उन्हें सिर्फ एक थ्रो की जरूरत पड़ी।
नीरज चोपड़ा के बाद दूसरे स्थान पर रहे अरशद नदीम
फाइनल के लिए नीरज के अलावा पाकिस्तान के अरशद नदीम और चेक रिपब्लिक के जैकब वाडलेच ऑटेमेटिक क्वालिफाई कर पाए। अरशद नदीम अपने अंतिम प्रयास में 86.79 मीटर के बेहतरीन थ्रो के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि टोक्यो ओलंपिक के रजत पदक विजेता जैकब वाडलेच 83.50 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ क्वालीफिकेशन में तीसरे स्थान पर रहे।
पहली बार 3 भारतीयों ने किया क्वालीफाई
विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के इतिहास में यह पहली बार है कि 3 भारतीयों ने पुरुष भाला फेंक फाइनल के लिए क्वालीफाई किया है, जो रविवार, 27 अगस्त को होगा। पिछले साल रजत पदक जीतने वाले नीरज और रोहित यादव ने फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था। इस साल की शुरुआत में एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाले डीपी मनु ने 81.31 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ छठे स्थान पर क्वालीफाई किया।
भारत के तीनों खिलाड़ी 27 अगस्त को फाइनल राउंड में लेंगे हिस्सा
इस बीच, किशोर जेना, जोकि क्वालिफिकेशन ग्रुप बी में अकेले भारतीय थे। उन्होंने 80.55 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ 9वां स्थान प्राप्त किया है। अब भारत के तीनों खिलाड़ी रविवार, 27 अगस्त को होने वाले फाइनल राउंड में हिस्सा लेंगे।












Click it and Unblock the Notifications