ICC ने बढ़ाई T20 World Cup की प्राइज मनी, हारने वाली टीमें भी होंगी मालामाल, हो गया बड़ा ऐलान
Womens T20 World Cup Prize Money: महिला क्रिकेट की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए आईसीसी (ICC) ने बड़ा फैसला लिया है। इंग्लैंड और वेल्स में होने वाले 2026 महिला टी20 वर्ल्ड कप (Womens T20 World Cup) के आगाज में अब महज 60 दिन बचे हैं। इस बीच आईसीसी ने टूर्नामेंट के लिए रिकॉर्ड प्राइज मनी का एलान कर दिया है। इस बार कुल इनामी राशि (प्राइज पूल) को बढ़ाकर लगभग 73 करोड़ रुपये (8.76 मिलियन डॉलर) कर दिया गया है।
विजेता टीम पर होगी करोड़ों की बारिश (Womens T20 World Cup Prize Money)
आईसीसी ने इस साल इनामी राशि में पिछले वर्ल्ड कप (2024) के मुकाबले 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम को लगभग 19.5 करोड़ रुपये (2.34 मिलियन डॉलर) मिलेंगे। फाइनल हारने वाली टीम को लगभग 9.7 करोड़ रुपये (1.17 मिलियन डॉलर) दिए जाएंगे। सेमीफाइनल में हारने वाली दोनों टीमों को करीब 5.6-5.6 करोड़ रुपये मिलेंगे।

हारने वाली टीमें भी होंगी मालामाल
आईसीसी ने बड़े पुरस्कारों की राशि बढ़ाने के साथ-साथ हर स्तर पर टीमों को आर्थिक मजबूती देने की कोशिश की है। ग्रुप स्टेज में हर एक मैच जीतने पर टीम को करीब 26 लाख रुपये मिलेंगे। खास बात यह है कि टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली सभी 12 टीमों को कम से कम 2.06 करोड़ रुपये मिलना तय है। यह वर्ल्ड कप इतिहास में पहली बार होगा जब 10 की जगह 12 टीमें खिताब के लिए आपस में भिड़ेंगी।
आईसीसी के सीईओ संयोग गुप्ता के मुताबिक यह विस्तार महिला क्रिकेट को वैश्विक स्तर पर और अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने की जिम्मेदारी को दिखाता है। टूर्नामेंट का आगाज 12 जून को मेजबान इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच एजबेस्टन में होने वाले मुकाबले से होगा। इनामी राशि के ऐलान के साथ ही आईसीसी ने ट्रॉफी टूर भी लॉन्च कर दिया है। इसकी शुरुआत लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड से हुई है, जहां टूर्नामेंट का फाइनल खेला जाएगा।
यह ट्रॉफी नीदरलैंड, आयरलैंड और स्कॉटलैंड जैसे यूरोपीय देशों का सफर तय करते हुए मई में इंग्लैंड के विभिन्न शहरों में फैंस के बीच पहुंचेगी। लीड्स, मैनचेस्टर, बर्मिंघम और ब्रिस्टल जैसे शहरों में फैन इंगेजमेंट इवेंट्स आयोजित किए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications