हरमनप्रीत के रनआउट ने तोड़ा करोड़ों फैन्स का दिल, धोनी वाली घटना याद आई
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ महिला टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में एक रनआउट से मैच पलट गया, इसे लेकर ट्विटर पर बड़ी प्रतिक्रियाएं देखने को मिली।

Women's T20 World Cup 2023: भारतीय महिला टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में करीबी हार के साथ टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा है। यह निराशा वाली बात रही। टीम इंडिया के पास मैच जीतने का पूरा मौका था लेकिन एक रन आउट से पूरा मामला खराब हो गया और ऑस्ट्रेलिया ने मैच जीत लिया। हरमनप्रीत कौर धमाकेदार अंदाज में खेलते हुए रन आउट हो गईं और भारतीय टीम के करोड़ों फैन्स का सपना टूट गया।
ऑस्ट्रेलिया से मिले 173 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने तीन विकेट जल्दी गंवा दिए थे लेकिन बाद में हरमनप्रीत कौर और जेमिमा रोड्रिग्स ने तूफानी बैटिंग की। रोड्रिग्स 43 पर आउट हुईं लेकिन हरमनप्रीत फिफ्टी जड़ने में सफल रहीं। वह 52 रन के निजी स्कोर पर मिडविकेट पर खेलकर दो रन ले रही थीं। इस दौरान उनको दूसरा रन आसान लगा और वह आराम से भागते हुए बल्ले को क्रीज की तरफ ड्रैग करते हुए रन आउट हो गईं। हरमनप्रीत का बल्ला जमीन पर अटक गया और तब तक गेंद कीपर के हाथ में आ गई थी। इस तरह वह 52 रन बनाकर चलती बनीं। इस तरह उनका रन आउट मैच का टर्निंग पॉइंट रहा।
हरमनप्रीत का रन आउट साल 2019 के वनडे वर्ल्ड कप में धोनी के रन आउट की याद दिलाता है। न्यूजीलैंड के खिलाफ धोनी 50 रन बनाकर रन आउट हुए थे। वह भारतीय टीम के आठवें विकेट के रूप में गप्टिल के थ्रो पर आउट हुए थे। इसके बाद टीम इंडिया को इस मैच में 18 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। टीम इंडिया 240 रनों का पीछा कर रही थी।
महिला वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने ग्रुप चरण में तीन मैचों में जीत दर्ज की थी। भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। इसके अलावा तीन मैचों में भारत ने विजय हासिल करते हुए सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था। हरमनप्रीत के रन आउट की चर्चा सोशल मीडिया पर काफी ज्यादा देखने को मिली।












Click it and Unblock the Notifications