Women's Asia Cup: टीम इंडिया की लगातार दूसरी जीत, मलेशिया को 30 रन से हराया
नई दिल्ली, 3 अक्टूबर: बांग्लादेश में खेला जा रहे महिला एशिया कप के अपने दूसरे मैच में भारतीय टीम ने मलेशिया को डकवर्थ लुईस नियम के माध्यम से 30 रन से हरा दिया है। मलेशिया के सामने 20 ओवर में 182 रनों का पहाड़ जैसा लक्ष्य था, लेकिन टीम 5.2 ओवर में 2 विकेट पर 16 रन ही बना सकी और बारिश के चलते मैच को रोकना पड़ा।

अंत में मैच का फैसला D/L नियम से निकाला गया और भारतीय महिला क्रिकेट टीम 30 रन से जीतने में सफल हुई। टीम की ओर से दीप्ति शर्मा और राजेश्वरी गायकवाड़ को 1-1 विकेट मिला।
Recommended Video
इससे पहले मैच की शुरुआत मलेशिया के टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने के साथ हुई थी। लेकिन टीम का फैसला गलत साबित हुआ और टीम इंडिया ने 20 ओवर में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट के नुकसान पर 181 रन का स्कोर बनाया।
स्मृति मंधाना की जगह प्लेइंग-11 का हिस्सा बनाई गई सब्भिनेनी मेघना ने बढ़िया खेल दिखाते हुए 53 गेंदों पर 69 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने 11 चौके और एक छक्का जड़ा। उनके अलावा शैफाली वर्मा ने39 गेंदों पर 46 और विकेटकीपर ऋचा घोष ने सिर्फ 19 गेंदों पर 33 रन की नाबाद पारी खेली।
टीम इंडिया की दूसरी जीत
शानदार फॉर्म में चल रही भारतीय टीम की मौजूदा टूर्नामेंट में ये लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले टीम ने श्रीलंका को 41 रन से हराया था। अब टीम अपने तीसरा मुकाबला 4 अक्टूबर को यूएई के खिलाफ सिलहट के मैदान पर खेलेगी।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत - शैफाली वर्मा, सब्भिनेनी मेघना, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (सी), किरण नवगीरे, दयालन हेमलता, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, राधा यादव, मेघना सिंह, राजेश्वरी गायकवाड़।
मलेशिया - विनिफ्रेड दुरईसिंगम (कप्तान), वान जूलिया (विकेटकीपर), मास एलिसा, एल्सा हंटर, माहिरा इज़्ज़ती इस्माइल, आइना हमीज़ा हाशिम, जमहीदया इंतान, नूर अरियाना नात्स्या, साशा आज़मी, नूर हयाती ज़कारिया, नूर दानिया स्यूहादा।












Click it and Unblock the Notifications