IND vs SL: एशिया कप में भारतीय टीम की धमाकेदार जीत, जेमिमा-हेमलता की बदौलत श्रीलंका को 41 रन से हराया
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशिया कप में जीत के साथ आगाज किया है। टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 41 रन से हरा दिया है।
नई दिल्ली, 1 अक्टूबर। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशिया कप में जीत के साथ आगाज किया है। टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 41 रन से हरा दिया है। श्रीलंका की कप्तान चमारी अट्टापट्टू ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत की ओर से जेमिमा रोड्रिग्स ने सबसे अधिक रन बनाने का काम किया। जेमिमा रोड्रिग्स ने 53 गेंदों में 143.39 की स्ट्राइक रेट से 76 रनों की पारी खेली।

शैफाली वर्मा और स्मृति मंधाना का नहीं चला बल्ला
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारती महिला टीम की शुरुआत खराब रही और टीम ने 13 के स्कोर पर ही अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों का विकेट गंवा दिया। शैफाली वर्मा और स्मृति मंधाना दोनों ही जल्द ही अपना विकेट गंवा दिया। 23 रन पर दो विकेट गिरने के बाद दबाव में आकर भारतीय मिडल ऑर्डर बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स ने धमाकेदार पारी खेली और टीम के स्कोर को 150 के पार पहुंचाया।

भारत ने बनाए थे 151 रन
जेमिमा रोड्रिग्स और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इसके बाद टीम को संभालने का काम किया। दोनों ने समझदारी के साथ बल्लेबाजी करते हुए टीम के स्कोर को आगे बढ़ाया। जेमिमा और कप्तान के बीच तीसरे विकेट के लिए 92 रनों की साझेदारी हुई। जेमिमा रोड्रिग्स ने 76 तो वहीं हरमनप्रीत ने 33 रन जोड़े। दयालन हेमलता 13 रन बनाकर नाबाद रही और टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 150 रन बना लिए।

भारत को 41 रनों से मिली जीत
भारत की तरफ से दिए गए 151 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की पूरी टीम 18.2 ओवर में 109 रन पर ऑल आउट हो गई। डी हेमलता ने तीन तो वहीं दीप्ति शर्मा और पूजा वस्त्रकार को 2-2 विकेट झटके। भारत को अब अपना अगला मैच मलेशिया के खिलाफ सोमवार 3 अक्टूबर को खेलना है। फैंस की नजरें 7 अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मैच पर बनी हुई है।

एशिया कप के लिए भारतीय महिला टीम
एशिया कप के लिए भारतीय महिला टीम- हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्ज, दयालन हेमलता, किरण नवगिरे, दीप्ती शर्मा, स्नेह राणा, सब्बिनेनी मेघना, ऋचा घोष (विकेटकीपर) पूजा वस्त्राकर, मेघना सिंह, राजेश्वरी गायकवाड़, राधा यादव, रेणुका सिंह।












Click it and Unblock the Notifications