WI vs SA: 'थैंक यू साउथ अफ्रीका!' रबाडा-नगिडी ने 11 गेंदों में पलटा मैच, भारत के सेमीफाइनल की राह हुई आसान?
WI vs SA, Video Viral: टी20 विश्व कप 2026 के सुपर 8 में दक्षिण अफ्रीका ने वेस्टइंडीज के खिलाफ धमाकेदार शुरुआत की। अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाजों ने पावरप्ले में ही वेस्टइंडीज को बैकफुट पर धकेलने का काम किया। अगर साउथ अफ्रीका यहां जीत दर्ज करने में सफल हो जाती है तो भारतीय टीम के लिए सेमीफाइनल की धुंधली होती उम्मीदों को एक नई जान मिल जाएगी।
विस्फोटक शुरुआत के बाद विकेटों का पतन (WI vs SA, Video Viral)
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने आक्रामक शुरुआत की थी। शाई होप ने पहले ही ओवर में 17 रन बटोरकर इरादे साफ कर दिए थे। पहले दो ओवरों में टीम का स्कोर 29 रन तक पहुंच चुका था और ऐसा लग रहा था कि जिम्बाब्वे के खिलाफ 254 रन बनाने वाली विंडीज टीम एक बार फिर विशाल स्कोर खड़ा करेगी।
मैच का पासा तब पलटा जब दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी तेज गेंदबाजों, कगिसो रबाडा और लुंगी नगिडी ने मोर्चा संभाला।

रबाडा ने की खतरनाक गेंदबाजी
रबाडा ने पहले खतरनाक दिख रहे शाई होप को विकेट के पीछे कैच कराया। अगली ही गेंद पर शिमरोन हेटमायर का कैच छूटा, लेकिन रबाडा ने अगली ही गेंद पर उन्हें आउट कर अपनी क्लास दिखाई। नगिडी ने ब्रैंडन किंग को अपनी जाल में फंसाया और फिर रोस्टन चेज को एक शानदार इनसाइड एज के जरिए क्लीन बोल्ड कर विंडीज की कमर तोड़ दी।
भारत के लिए आगे की राह होगी आसान?
वेस्टइंडीज की आधी टीम केवल 60 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट चुकी थी। कॉर्बिन बॉश ने शेरफाने रदरफोर्ड (12 रन) को आउट कर वेस्टइंडीज को पांचवां और सबसे बड़ा झटका दिया है। दक्षिण अफ्रीका की यह संभावित जीत सीधे तौर पर भारत के पक्ष में जाती है। यदि दक्षिण अफ्रीका इस मैच को बड़े अंतर से जीतता है, तो वेस्टइंडीज का नेट रन रेट (NRR) काफी नीचे गिर जाएगा। भारत को अब केवल अपने आगामी मैचों में जीत दर्ज करनी होगी, क्योंकि विंडीज की यह हार ग्रुप में अंकों की खींचतान को कम कर देगी। सोशल मीडिया पर भारतीय फैंस साउथ अफ्रीका के इस प्रदर्शन के लिए उन्हें थैंक्यू कह रहे हैं।
वेस्टइंडीज: ब्रैंडन किंग, शाई होप (कप्तान और विकेटकीपर), शिमरन हेटमायर, रोवमन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड, जेसन होल्डर, मैथ्यू फोर्डे, रोस्टन चेज, गुडाकेश मोती, शमर जोसेफ।
दक्षिण अफ्रीका: एडन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), रेयान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को यानसेन, कॉर्बिन बॉश, केशव महाराज, कगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी।












Click it and Unblock the Notifications