Video: विराट कोहली ने स्लिप में पकड़ा सनसनीखेज कैच, मैदान पर खड़ा हर फील्डर रह गया हैरान
WI vs IND: क्रिकेट के मैदान में विराट कोहली हमेशा अपनी छाप छोड़ते हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले एकदिवसीय मुकाबले के दौरान भी ऐसा ही हुआ। कोहली ने अपनी चुस्ती दिखाते हुए एक ऐसा कैच पकड़ा, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया। कोहली ने स्लिप में यह कैच लपका।
रोमारियो शेफर्ड की बैटिंग के दौरान कोहली दूसरी स्लिप में खड़े थे। जडेजा की गेंद बल्लेबाज का किनारा लेकर स्लिप में गई थी। कोहली ने जमीन पर गिरते हुए एक हैरान करने वाला कैच पकड़ा। इसके बाद टीम के साथी खिलाड़ी जश्न मनाने लगे। कोहली का कैच सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

शेफर्ड बैटिंग करने के लिए आए ही थे और दूसरी ही गेंद पर कोहली ने उनको पवेलियन की राह दिखा दी। जडेजा को पिच से मदद मिल रही थी और उन्होंने इसका फायदा भी उठाया। उनके अलावा कुलदीप यादव ने भी बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन किया।
जडेजा और कुलदीप यादव की स्पिन जोड़ी ने मिलकर कुल 7 विकेट झटके। भारत के लिए वनडे में किसी लेफ्ट आर्म स्पिन जोड़ी ने पहली बार 7 विकेट झटके। इससे पहले ऐसा कभी नहीं हुआ। जडेजा को 3 विकेट मिले। कुलदीप यादव के खाते में 4 विकेट आए।
टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करते हुए टीम इंडिया ने बेहतरीन गेंदबाजी की और वेस्टइंडीज को 114 रनों के कुल स्कोर पर आउट कर दिया। विंडीज के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज शाई होप रहे। शाई होप ने 43 रनों की पारी खेली।
ईशान किशन को रोहित ने ओपन करने भेजा। उन्होंने इस मौके का फायदा उठाया और 52 रनों की शानदार पारी खेली। रोहित शर्मा सातवें नम्बर पर बैटिंग करने के लिए आए। कोहली बैटिंग करने नहीं आए और अन्य बल्लेबाजों को मौका दिया। शार्दुल ठाकुर को भी बैटिंग का मौका मिला। भारत ने 115 रनों का लक्ष्य 5 विकेट के नुकसान पर हासिल किया। टीम इंडिया सीरीज में 1-0 से आगे है।












Click it and Unblock the Notifications