Explained: दिल्ली कैपिटल्स के पहले हाफ में क्यों नहीं खेलेंगे मिचेल स्टार्क? क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बढ़ाई टेंशन
Delhi Capitals: आईपीएल 2026 का रोमांच शुरू होने में अब कुछ ही दिन बचे हैं, लेकिन दिल्ली कैपिटल्स (DC) के लिए एक बुरी खबर सामने आ रही है। टीम के स्ट्राइक बॉलर और ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज मिचेल स्टार्क सीजन के शुरुआती मैचों में नजर नहीं आएंगे। पिछले साल पांचवें स्थान पर रहने वाली दिल्ली की टीम इस बार अक्षर पटेल की कप्तानी में खिताब जीतने का सपना देख रही थी, लेकिन स्टार्क की अनुपस्थिति ने उनकी शुरुआती रणनीति को बड़ा झटका दिया है।
रिपोर्ट्स के अनुसार स्टार्क का बाहर होना किसी व्यक्तिगत कारण या चोट की वजह से नहीं है, बल्कि यह क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है। दरअसल, ऑस्ट्रेलियाई टीम का आने वाला शेड्यूल काफी व्यस्त है।

अगले 12 महीनों में ऑस्ट्रेलिया को 21 टेस्ट मैच खेलने हैं, जिसमें दक्षिण अफ्रीका, भारत और इंग्लैंड के महत्वपूर्ण दौरे शामिल हैं। इसके अलावा 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए बोर्ड अपने मुख्य तेज गेंदबाजों (स्टार्क, कमिंस और हेजलवुड) के वर्कलोड को मैनेज करना चाहता है। इसी कारण स्टार्क आईपीएल 2026 के शुरुआती हिस्से को मिस करेंगे।
दिल्ली कैपिटल्स के लिए बढ़ी मुश्किल
1 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करने वाली दिल्ली कैपिटल्स के लिए स्टार्क का न होना एक बड़ा गैप पैदा करेगा। स्टार्क न केवल नई गेंद से विकेट निकालने में माहिर हैं, बल्कि डेथ ओवर्स में भी उनकी यॉर्कर बल्लेबाजों के लिए काल साबित होती हैं। पैट कमिंस और जोश हेजलवुड भी अपनी-अपनी फ्रेंचाइजी के लिए शुरुआती मैच मिस करने वाले हैं, जिससे साफ है कि ऑस्ट्रेलियाई बोर्ड अपने 'पेस ट्रायो' को लेकर कोई जोखिम नहीं उठाना चाहता।
अब कौन लेगा स्टार्क की जगह?
मिचेल स्टार्क की गैरमौजूदगी में दिल्ली के पास विदेशी तेज गेंदबाजों के रूप में लुंगी एनगिडी और काइल जैमीसन के विकल्प मौजूद हैं। हालांकि, हालिया फॉर्म को देखते हुए एनगिडी का पलड़ा भारी लग रहा है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में एनगिडी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 मैचों में 12 विकेट झटके थे। भारतीय पिचों पर उनका अनुभव दिल्ली के काम आ सकता है। अब देखना यह होगा कि अक्षर पटेल और कोच की जोड़ी स्टार्क की कमी को कैसे पूरा करती है।












Click it and Unblock the Notifications