MI Out of IPL 2025: मुंबई इंडियंस की हार की 5 सबसे बड़ी वजहें, छठी ट्रॉफी का सपना आखिर कैसे टूटा?
MI Out of IPL 2025: नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए क्वालिफायर-2 में मुंबई इंडियंस का सफर वहीं थम गया, जहां फैंस को सबसे ज्यादा उम्मीद थी। 204 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा करने के बावजूद मुंबई पांच विकेट से हार गई। पंजाब किंग्स के लिए श्रेयस अय्यर ने प्लेऑफ की सबसे शानदार पारियों में से एक खेलते हुए नाबाद 87 रन बनाए और अपनी टीम को दूसरी बार IPL फाइनल में पहुंचा दिया।
वहीं, मुंबई इंडियंस का सपना छठी ट्रॉफी के करीब पहुंचकर टूट गया। अब सवाल यही है- आखिर इतने रन बनाने के बाद भी मुंबई क्यों हार गई? यहां जानिए वो 5 अहम वजहें जो MI के हार का सबसे बड़ा कारण बनीं।

1. पहली बार 200+ स्कोर डिफेंड करने में नाकाम
मुंबई इंडियंस ने IPL इतिहास में इससे पहले कभी 200 से ज्यादा का स्कोर डिफेंड करते हुए मैच नहीं गंवाया था। लेकिन इस बार डेथ ओवर्स की ढीली गेंदबाजी ने टीम को मुश्किल में डाल दिया। 19वें ओवर में अश्विनी कुमार ने 26 रन लुटा दिए और वहीं से पंजाब ने मैच पलट दिया।
2. जसप्रीत बुमराह को सही समय पर नहीं लाना
हार्दिक पंड्या की कप्तानी पर भी सवाल उठे। जब आखिरी चार ओवर में 41 रन चाहिए थे, तब तक जसप्रीत बुमराह को गेंद नहीं दी गई। उन्हें 18वां ओवर मिला, लेकिन तब तक श्रेयस अय्यर सेट हो चुके थे और खेल हाथ से निकल चुका था। हार्दिक ने बाद में माना कि अगर बुमराह को पहले लाते, तो नतीजा शायद कुछ और होता।
3. गेंदबाजों का बिखरा हुआ प्रदर्शन
मुंबई के गेंदबाजों में इस मैच में तालमेल की कमी दिखी। रीस टॉपली, अश्विनी कुमार और खुद हार्दिक पंड्या रन रोकने में नाकाम रहे। बुमराह भी संकट के समय टीम को निकालने में असफल साबित हुए। पंजाब की पारी में बीच के ओवरों में थोड़ी वापसी जरूर हुई, लेकिन अंत में सब बिखर गया।
4. सेट बल्लेबाजों का गलत समय पर आउट होना
मुंबई की पारी में सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा ने शानदार 72 रनों की साझेदारी की थी। दोनों ने 44-44 रन बनाए और ऐसा लग रहा था कि टीम का स्कोर 220 पार जा सकता है। लेकिन दोनों सेट बल्लेबाज एक के बाद एक आउट हो गए और टीम की रफ्तार वहीं से धीमी हो गई। नतीजा- 203 का स्कोर बना, जो इस पिच पर थोड़ा कम पड़ गया।
5. कुछ खिलाड़ियों पर जरूरत से ज्यादा निर्भरता
पूरे सीजन में मुंबई की ताकत SKY और बुमराह जैसे खिलाड़ियों पर टिकी रही। लेकिन इस बड़े मुकाबले में जब टीम को पार्टनरशिप और टीम वर्क की सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब बाकी खिलाड़ी जिम्मेदारी नहीं निभा पाए। बल्लेबाजी और गेंदबाजी- दोनों में यही कमी भारी पड़ गई।
आखिर कहां चूक गई मुंबई?
204 जैसा स्कोर, बुमराह जैसे गेंदबाज और सूर्यकुमार जैसी बल्लेबाजी के बावजूद अगर आप मैच हार जाएं, तो साफ है कि कहीं फैसले गलत लिए गए और टीम प्लानिंग फेल रही। हार्दिक की कप्तानी, डेथ ओवर्स की प्लानिंग, और अहम मौकों पर लापरवाही- ये सब मिलकर MI को क्वालिफायर-2 से बाहर कर गए। अब मुंबई इंडियंस को ट्रॉफी की तलाश के लिए अगले सीजन तक इंतजार करना होगा। हो सकता है अगले सीजन टीम में हमें कुछ ऐसे बदलाव देखने को मिलें जिसकी किसी ने उम्मीद भी न की हो।












Click it and Unblock the Notifications