BCCI अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पाकिस्तान क्यों जा रहे हैं? बड़ा कारण सामने आया
BCCI in Pakistan: एशिया कप की मेजबानी पाकिस्तान कर रहा है और बीसीसीआई को भी लाहौर आने का आमंत्रण मिला था। माना जा रहा था कि बोर्ड से कोई नहीं जाएगा लेकिन एक चौंकाने वाला निर्णय सामने आया। बीसीसीआई अध्यक्ष रोजर बिन्नी और उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला वहां जाएंगे।
बोर्ड ने यह निर्णय क्यों लिया है, इसके पीछे भी कारण है। टाइम्स नाऊ ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि बोर्ड सेक्रेटरी जय शाह एशियाई क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष हैं। पाकिस्तान इवेंट की मेजबानी कर रहा है, ऐसे में पाक बोर्ड को इस तरह अलग-थलग छोड़ना ठीक नहीं था। इस वजह से बीसीसीआई अध्यक्ष और उपाध्यक्ष वहां जा रहे हैं।

सूत्र का यह भी कहना है कि बोर्ड के प्रतिनिधि वहां जा रहे हैं लेकिन किसी भी तरह की द्विपक्षीय सीरीज पर बात नहीं होगी क्योंकि यह सरकार की अनुमति पर निर्भर करता है। हम इस बात को लेकर पूरी तरह से स्पष्ट हैं। सूत्र के अनुसार वाघा बॉर्डर से 4 सितम्बर को बोर्ड के अधिकारी वहां पहुंचेंगे। इसी दिन पंजाब गवर्नर द्वारा आयोजित डिनर में वे जाएंगे।
बाद में रोजर बिन्नी ने टाइम्स ऑफ़ इंडिया से बातचीत में पुष्टि करते हुए कहा कि उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला और मैं वाघा बॉर्डर से 4 सितम्बर को पाकिस्तान जाएंगे। आधिकारिक डिनर के अलावा हम वहां कुछ मुकाबले भी देखेंगे।
भारतीय बोर्ड के अधिकारी 4 से 7 सितम्बर के बीच पाकिस्तान में रहेंगे। लाहौर में अफगानिस्तान और श्रीलंका के बीच होने वाले मैच को देखने के लिए भी दोनों अधिकारी जा सकते हैं। यह मुकाबला लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में 5 सितम्बर को खेला जाना है।
गौरतलब है कि एशिया कप के 4 मुकाबले पाकिस्तान में खेले जाएंगे। बाकी सभी मैचों का आयोजन श्रीलंका में किया जाएगा। भारतीय क्रिकेट टीम के सभी मुकाबला श्रीलंका में ही खेले जाने हैं। भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला भी 2 सितम्बर को ही आयोजित होने वाला है। टीम इंडिया की घोषणा कर दी गई है। रोहित शर्मा की कप्तानी में कुल 17 खिलाड़ियों का चयन टीम में किया गया है। संजू सैमसन को बैकअप विकेटकीपर के रूप में रखा गया है।












Click it and Unblock the Notifications