आखिर किस गुनाह की सजा भुगत रहे हैं Shreyas Iyer? कमाल के फॉर्म के बाद भी टीम से बाहर
Asia Cup 2025, Shreyas Iyer: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आज यानी मंगलवार को एशिया कप 2025 के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया। इस बार टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव के हाथों में होगी, जबकि उपकप्तान का दायित्व शुभमन गिल को सौंपा गया है। शुभमन गिल टी-20 फॉर्मेट से लंबे समय से टीम से बाहर थे, इसके बावजूद उन्हें उपकप्तान बनाया गया है।
श्रेयस अय्यर और यशस्वी जायसवाल बाहर (Asia Cup 2025, Shreyas Iyer)
टीम चयन के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठा कि श्रेयस अय्यर और यशस्वी जायसवाल जैसे फॉर्म में चल रहे खिलाड़ी टीम से बाहर क्यों हैं। मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने इस पर स्पष्टीकरण दिया। उन्होंने कहा कि यह यशस्वी जायसवाल के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। अभिषेक शर्मा शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और वह गेंदबाजी विकल्प भी देते हैं, इसलिए दोनों में से किसी एक को बाहर होना था। श्रेयस अय्यर ने भी कोई गलती नहीं की, लेकिन उन्हें अपने मौके का इंतजार करना होगा।

अय्यर के लिए रहा कमाल का आईपीएल सीजन
श्रेयस अय्यर ने इस साल पंजाब किंग्स की कप्तानी करते हुए टीम को फाइनल तक पहुंचाया। उनका विनिंग परसेंटेज सबसे बेहतर रहा। वहीं बल्ले से भी उन्होंने कमाल कर दिया। श्रेयस ने 17 पारियों में 604 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 50.33 और स्ट्राइक रेट 175.07 रहा। यही नहीं वो इस सीजन में दूसरे सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी भी रहे।
अय्यर के लिए बड़ा झटका
इतने शानदार प्रदर्शन के बावजूद टीम से बाहर होना उनके लिए बड़ा झटका है। अगर पिछले कुछ बड़े टूर्नामेंट पर नजर डालें, तो श्रेयस ने चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रन बनाए थे। यहां तक कि वनडे वर्ल्ड कप में भी उन्होंने शुभमन गिल से ज्यादा रन बटोरे। यानी बड़े मौकों पर परफॉर्म करने की उनकी क्षमता पर कोई सवाल नहीं उठ सकता है।
फैंस उठा रहे हैं सवाल
फैंस के लिए अय्यर का बाहर होना चौंकाने वाली खबर है। क्योंकि जब कोई खिलाड़ी लगातार आंकड़ों में टॉप कर रहा हो, कप्तानी में बेस्ट विनिंग रेट हो, और फिर भी उसे टीम से बाहर किया जाए, तो सवाल उठना लाजमी है। सोशल मीडिया पर श्रेयस अय्यर को लेकर फैंस लगातार सवाल कर रहे हैं।
टीम इंडिया की पूरी लिस्ट
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा, रिंकू सिंह।












Click it and Unblock the Notifications