कौन बनेगा अजीत अगरकर की जगह नया चीफ सलेक्टर? 19000 रन और 57 शतक वाले भारतीय खिलाड़ी ने किया आवेदन
बीसीसीआई में मेंस टीम के लिए चीफ सेलेक्टर के पद को लेकर हलचल तेज हो गई है। पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर ने चयनकर्ता बनने के लिए आवेदन किया है। अजित अगरकर का कार्यकाल खत्म होने के बाद यह पद खाली हुआ है। जाफर के आवेदन की खबर सामने आने के बाद अब सबकी नजरें BCCI के अगले फैसले पर टिकी हैं। अगर उन्हें क्रिकेट सलाहकार समिति (CAC) चुनती है, तो वह भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम की चयन समिति के अध्यक्ष भी बन सकते हैं।
BCCI ने खाली पद के लिए आवेदन मांगे थे और आवेदन करने की अंतिम तारीख 14 अक्टूबर थी। पार्थिव पटेल का नाम भी अगरकर के संभावित उत्तराधिकारी के तौर पर चर्चा में था लेकिन उन्होंने इस पद के लिए आवेदन नहीं किया। बोर्ड ने अभी तक उन पूर्व क्रिकेटरों के नामों की आधिकारिक सूची जारी नहीं की है, जिन्होंने इस पद के लिए आवेदन किया है। ऐसे में जाफर की नियुक्ति को लेकर फिलहाल कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।

टेस्ट खेलने का अनुभव जाफर के आएगा काम?
वसीम जाफर भारतीय क्रिकेट के अनुभवी बल्लेबाजों में शामिल रहे हैं। उन्होंने 2000 से 2008 के बीच भारत के लिए 31 टेस्ट और दो वनडे मुकाबले खेले। टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम 1944 रन दर्ज हैं, जबकि वनडे में वह केवल 10 रन बना सके।
हालांकि जाफर की असली पहचान घरेलू क्रिकेट में उनके शानदार रिकॉर्ड से बनी। उन्होंने 260 प्रथम श्रेणी मैचों में 19410 रन बनाए, जिसमें 57 शतक और 91 अर्धशतक शामिल हैं। इस प्रारूप में उनका बल्लेबाजी औसत 50.67 रहा। वहीं, लिस्ट-ए क्रिकेट में उन्होंने 118 मैचों में 4849 रन बनाए।
क्यों बन सकते हैं चीफ सेलेक्टर?
BCCI के नियमों के अनुसार चयन समिति में सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने वाला सदस्य उसका अध्यक्ष बनता है। फिलहाल अंतरिम प्रमुख की भूमिका निभा रहे प्रज्ञान ओझा ने 24 टेस्ट खेले हैं, जबकि शिव सुंदर दास के नाम 23 टेस्ट हैं। आरपी सिंह ने 14 और अजय रात्रा ने छह टेस्ट खेले हैं।
जाफर के 31 टेस्ट का अनुभव उन्हें इस मामले में आगे रखता है। अगर क्रिकेट सलाहकार समिति उनका चयन करती है, तो वह सीधे चीफ सेलेक्टर की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं।
अजित अगरकर के कार्यकाल में भारत ने 2025 चैंपियंस ट्रॉफी और 2026 टी20 विश्व कप का खिताब जीता। अब नए चयनकर्ता के सामने भारतीय टीम के आगामी टूर्नामेंटों और भविष्य की टीम तैयार करने की अहम जिम्मेदारी होगी। हालांकि, BCCI की आधिकारिक घोषणा होने तक जाफर की नियुक्ति पर मुहर नहीं लगाई जा सकती।


Click it and Unblock the Notifications
