कौन हैं MLA के वो दामाद जिसकी हुई भारतीय टीम में एंट्री? Asia Cup से पहले मिली ये बड़ी जिम्मेदारी
Asia Cup 2025, Who Is PVR Prasanth: भारतीय टीम इन दिनों एशिया कप 2025 की तैयारियों में जुटी हुई है। एशिया कप से ठीक पहले भारतीय टीम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड) ने आंध्र प्रदेश के भीमावरम से आने वाले पीवीआर प्रसांत को इस टूर्नामेंट के लिए टीम इंडिया का मैनेजर नियुक्त किया है। यह टूर्नामेंट 9 से 28 सितंबर तक दुबई और अबू धाबी में खेला जाएगा।
कौन हैं पीवीआर प्रसांत? (Asia Cup 2025, Who Is PVR Prasanth)
पीवीआर प्रसांत का क्रिकेट और प्रशासन दोनों से गहरा नाता रहा है। वह पहले आंध्र क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष रह चुके हैं और वेस्ट गोदावरी की ओर से जिला स्तर पर क्रिकेट खेल भी चुके हैं। यानी उन्हें क्रिकेट की तकनीकी समझ के साथ-साथ प्रशासनिक अनुभव भी है। यही वजह है कि उन्हें इस अहम जिम्मेदारी के लिए चुना गया। पीवीआर प्रसांत को लेकर फैंस भी लगातार सोशल मीडिया पर अपनी बात रख रहे हैं।

परिवार का राजनीति से है गहरा नाता
प्रसांत का परिवार राजनीति में भी सक्रिय है। उनके पिता पुलपार्थी रमंजनयुलु (अंजी बाबू) आंध्र प्रदेश के विधायक हैं, जिन्होंने 2024 में पवन कल्याण की जन सेना पार्टी जॉइन की थी। वहीं, उनके ससुर गंटा श्रीनिवास राव टीडीपी (तेलुगु देशम पार्टी) से विधायक हैं और आंध्र प्रदेश सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। यह राजनीतिक और प्रशासनिक पकड़ भी उनकी नियुक्ति में अहम रही है।
बतौर मैनेजर करना होगा यह काम
टीम इंडिया मैनेजर का काम खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ की ऑफ-फील्ड जरूरतों का ख्याल रखना है। इसमें टीम की यात्रा, लॉजिस्टिक, होटल, सुरक्षा और बाकी व्यवस्थाएं शामिल होती हैं। साथ ही वह बीसीसीआई और टीम इंडिया के बीच मुख्य संपर्क सूत्र की तरह काम करेंगे। सरल शब्दों में कहें तो उनका काम खिलाड़ियों को मैदान के बाहर हर तरह की सुविधा दिलाना है, ताकि वे सिर्फ खेल पर ध्यान केंद्रित कर सकें।
सितंबर को यूएई रवाना होगी टीम इंडिया
भारतीय टीम 4 सितंबर को यूएई रवाना हो जाएगी। भारत का पहला मुकाबला 10 सितंबर को यूएई से होगा और इसके बाद 14 सितंबर को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ हाई-प्रोफाइल मैच खेला जाएगा। यह मैच पूरे टूर्नामेंट का सबसे चर्चित मुकाबला माना जा रहा है। एशिया कप 2025 के लिए घोषित भारतीय टीम की कमान सूर्यकुमार यादव के हाथों में है, जबकि शुभमन गिल उपकप्तान होंगे। टीम में जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल और कुलदीप यादव जैसे अनुभवी खिलाड़ी शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications