Stop Clock Rule: आखिर क्या है स्टॉप क्लॉक का नया नियम, जिसके चलते अमेरिका पर लगा 5 रनों का जुर्माना
Stop Clock Rule: भारत के खिलाफ मैच में अमेरिका की टीम पर 5 रनों की पेनाल्टी लगाई गई। मैच में जब टीम इंडिया बल्लेबाजी कर रही थी तो इस दौरान 16वें ओवर में अमेरिका की टीम पर यह पेनाल्टी लगाई गई और भारत को 5 अतिरिक्त रन दे दिए गए।
अंपायर के इस फैसले के बाद टीम इंडिया को बड़ी राहत मिली थी। इस वक्त भारतीय टीम काफी दबाव में थी। टीम के लिए एक-एक रन बटोरना मुश्किल हो रहा था। ऐसे में जब अंपायर ने भारतीय टीम को 5 अतिरिक्त रन दिए तो इसके बाद मैदान में काफी गहमा-गहमी देखने को मिली।

दरअसल मैच के दौरान मैदान पर अंपायर ने अमेरिका के खिलाफ यह पेनाल्टी इसलिए लगाई क्योंकि लगातार तीन बार ओवर की शुरुआत करने में अमेरिका के गेंदबाजों ने देरी की थी।
जिसकी वजह से अमेरिका की टीम पर स्टॉप क्लॉक नियम के तहत पेनाल्टी लगाई गई। बता दें कि इस नियम की शुरुआत आईसीसी ने इसी टी-20 विश्वकप के साथ की है।
इस नियम का खेल पर काफी असर पड़ता है, दोनों ही टीम के खिलाड़ियों को ओवर के बीच समय की बर्बादी करने से भी बचाता है। स्टॉप क्लॉक रूल का उद्देश्य मैच को तय समयसीमा के भीतर पूरा करने के लिए लाया गया है।
आईसीसी का नया नियम
आईसीसी के क्लॉज 41.9 के तहत वनडे और टी-20 मैंच में फील्डिंग टीम द्वारा समय की बर्बादी को रोकने का प्रावधान है। इसमे सब क्लॉज 4.9.4 में घड़ी को अब जोड़ दिया गया है।
इस नियम को दिसंबर 2023 से अप्रैल 2024 के बीच वनडे और टी-20 मैचों में ट्रायल के तौर पर शुरू किया गया और इसे 59 अंतरराष्ट्रीय मैचों में लागू किया जाएगा।
60 सेकेंड के भीतर शुरू करना होता है ओवर
इस नियम के तहत फील्डिंग टीम को ओवर समाप्त होने के 60 सेकेंड के भीतर दूसरा ओवर शुरू करना होता है। 60 सेकेंड का समय मैदान पर लगे इलेक्ट्रॉनिक में दिखेगा। अगर फील्डिंग टीम 60 सेकेंड के भीतर ओवर शुरू नहीं करती है तो उसे दो वॉर्निंग दी जाएगी। इसके बाद नियम का उल्लंघन करने पर 5 रनों की पेनाल्टी होगी।
जरूरी है यह शर्त
आईसीसी की ओर से साफ किया गया है कि ग्रुप स्टेज मैच में दोनों टीम के कम से कम 5-5 ओवर पूरे होने जरूरी हैं, तभी इस नियम को लागू किया जा सकता है। वहीं सुपर 8 मैच और नॉकआउट मैच में कम से कम 10-10 ओवर दोनों ही टीमों के पूरे होने जरूरी हैं।
भारत की लगातार तीसरी जीत
बता दें कि अमेरिका के खिलाफ मैच में भारत ने अमेरिका को 7 विकेट से हरा दिया। सूर्यकुमार की नाबाद अर्धशतकीय पारी की बदौलत अमेरिका टीम की ओर से दिए गए 111 रनों के लक्ष्य की टीम इंडिया ने 19वें ओवर में हासिल कर लिया। मैच में अर्शदीप सिंह ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और 9 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किया।












Click it and Unblock the Notifications