IND vs WI: 'ईशान को बाहर किया पर सैमसन को क्यों रखा', फैंस के निशाने पर फिर आए हार्दिक पंड्या
West Indies vs India 3rd T20, Hardik Pandya: भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीसरे मुकाबले के टॉस के बाद से ही भारतीय टीम का एक खिलाड़ी लगातार सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा है। ये खिलाड़ी कोई और नहीं बल्कि वनडे सीरीज में लगातार तीन अर्धशतक लगाने वाले ईशान किशन हैं। ईशान को इस मैच में हार्दिक ने ड्रॉप करने का फैसला लिया, जिससे फैंस काफी नाराज हैं।
ईशान किशन को किया बाहर: पहले दो मैचों में ईशान किशन बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके थे। ईशान किशन के अलावा शुभमन गिल, संजू सैमसन और सूर्यकुमार यादव भी फ्लॉप रहे थे। लेकिन तीसरे मैच में ईशान किशन को ही टीम से बाहर किया गया। इसकी एक बड़ी वजह ईशान का बाएं हाथ का बल्लेबाज होना माना जा सकता है। ईशान किशन की जगह यशस्वी जायसवाल को डेब्यू करने का मौका मिला है।

जायसवाल को मिला मौका: यशस्वी जायसवाल को तीसरे मैच की प्लेइंग इलेवन में जोड़ा गया है। यशस्वी जायसवाल शुभमन गिल के साथ इस मुकाबले में ओपनिंग करते नजर आएंगे। अपने पहले टेस्ट मैच में यशस्वी जायसवाल ने शतक जड़ने का कारनामा किया था। जायसवाल की कोशिश टी-20 में भी बड़ा स्कोर बनाने की होगी। जायसवाल के डेब्यू के बाद से ही सोशल मीडिया पर फैंस उन्हें लेकर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
सोशल मीडिया पर भड़के फैंस: ईशान किशन को टीम से बाहर किए जाने के फैसले से कुछ फैंस निराश नजर आ रहे हैं। वह लगातार सोशल मीडिया पर कप्तान हार्दिक पंड्या के इस फैसले पर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। एक फैन ने लिखा कि अगर ईशान किशन को बाहर किया तो फिर संजू सैमसन को क्यों मौका दिया गया है। इसके अलावा भी कई फैंस हार्दिक पंड्या से तीखे सवाल पूछने का काम कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications