आखिर धोनी पर क्यों लागू नहीं होगा इम्पैक्ट प्लेयर नियम, सहवाग ने IPL में माही के भविष्य पर की साफ बात
इंपैक्ट प्लेयर का नियम आने से खिलाड़ी मैच में जरूरत के मुताबिक खेल सकता है। इस सीजन में फाफ डु प्लेसिस ने ऐसा किया है। क्या धोनी के लिए यह नियम अगले सीजन में वापसी का वापसी की राह और आसान कर देगा।

आईपीएल 2023 (IPL 2023) में आज महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) दसवीं बार चेन्नई सुपर किंग्स को फाइनल में लेकर जाएंगे और यह मैच गुजरात टाइटंस के खिलाफ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में होगा।
यह मुकाबला ओरिजनली 28 मई को होना था लेकिन बारिश के चलते आज रिजर्व डे पर होगा। मैच का नतीजा या तो सीएसके के पक्ष में जाएगा या फिर गुजरात के। चेन्नई सुपर किंग्स की टीम अगर जीतती है तो धोनी की आसमान सरीखी शख्सियत और भी ऊंची हो जाएगी।
अगर यह टीम हारती है तो भी फैंस के बीच एक बड़ा सवाल रहेगा कि क्या माही अगले सीजन में फिर से येलो आर्मी को लीड करने के लिए आ रहे हैं? इस पर भारत के पूर्व ओपनर वीरेंद्र सहवाग का कहना है कि महेंद्र सिंह धोनी 40 साल की उम्र के बाद भी क्रिकेट खेल रहे हैं और अगर वे फिट है तो उसको खेलना जारी रख सकते हैं।
सहवाग ने आगे कहा कि अगर धोनी को अगले सीजन में वापस आना है तो पूरी तरह से टीम मैन बनकर आना होगा। उन्हें इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर नहीं खेलना चाहिए। यह नियम आपको किसी भी समय मैच में एंट्री करने की छूट देता है।
सहवाग ने क्रिकबज से बात करते हुए कहा, "धोनी ने इस साल ज्यादा बैटिंग नहीं की है। वे अपने घुटने की चोट को बढ़ा नहीं रहे हैं। आमतौर पर वे लास्ट के दो ओवर में आए हैं। मुझे लगता है उन्होंने इस सीजन में 40-50 गेंद ही खेली होंगी। धोनी पर इम्पैक्ट प्लेयर का नियम लागू नहीं होता क्योंकि वे केवल कप्तनी के लिए खेल रहे हैं। उन्हें कप्तानी के लिए मैदान में होने की जरूरत है। वर्ना आप उन्हें टीम के मेंटर या कोच या डायरेक्ट ऑफ क्रिकेट के तौर पर देखेंगे।"
हमने देखा है इस सीजन में भी आरसीबी के लिए फाफ डु प्लेसिस ने केवल बल्लेबाजी करने के लिए इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खुद को उतारा था। दिलचस्प बात यह है चेन्नई सुपर किंग्स के बॉलिंग कोच ड्वेन ब्रावो ने इससे पहले क्वालीफायर मैच के दौरान कहा था कि धोनी निश्चित तौर पर आगे खेल सकते हैं क्योंकि इंपैक्ट प्लेयर का नियम उन्हें करियर को लंबा खींचने में मदद करेगा।
यह देखने वाली बात होगी कि इंपैक्ट प्लेयर के दिलचस्प नियम के आने से महेंद्र सिंह धोनी जैसे अनुभवी और बहुत अहम खिलाड़ी का करियर लंबा खींचता है या फिर नहीं।












Click it and Unblock the Notifications