पुलवामा शहीद के बेटे को मिली इस खास टीम में एंट्री! क्रिकेट के नए सितारे को देख सहवाग ने कहा- मुझे गर्व है
Virender Sehwag Congratulates Pulwama Martyr's Son: पुलवामा शहीद विजय सोरेंग के बेटे युवा क्रिकेटर राहुल सोरेंग को हरियाणा अंडर-19 टीम में चुना गया है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने इस खास टीम में चुने जाने पर राहुल को सोशल मीडिया के जरिए दिल से बधाई दी। राहुल का यह सफर देश के हीरो के बेटे के रूप में शुरू होगा। लेकिन वह अपनी हुनर से एक अलग पहचान बनाने की काबिलियत रखते हैं।
सहवाग ने दी राहुल को बधाई (Virender Sehwag Congratulates Pulwama Martyr's Son)
राहुल सोरेंग 2019 से सहवाग इंटरनेशनल स्कूल में पढ़ाई कर रहे हैं। पुलवामा हमले के बाद सहवाग ने भारत के शहीद सैनिकों के बच्चों को मुफ्त शिक्षा और बोर्डिंग सुविधा देने की पहल की थी, जिसके तहत राहुल को यह अवसर मिला। सहवाग ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि राहुल सोरेंग को अंडर-19 हरियाणा टीम में चुने जाने पर बधाई। जब से उनके बहादुर पिता ने पुलवामा में शहादत प्राप्त की है, राहुल को सपोर्ट करना मेरे लिए सौभाग्य की बात रही है और मुझे उनके सफर पर बहुत गर्व है।

अंडर-16 विजय मर्चेंट ट्रॉफी में दिखा चुके हैं कमाल
राहुल का क्रिकेट सफर लगातार ऊंचाइयों को छू रहा है। पिछले साल उन्होंने अंडर-16 विजय मर्चेंट ट्रॉफी में हरियाणा का प्रतिनिधित्व किया था। राहुल की कहानी साहस और अवसर की शक्ति को बताने का काम करती है, जो उनके पिता के बलिदान की विरासत को आगे बढ़ा रही है। एक ओर जहां सहवाग युवा प्रतिभा को प्रोत्साहित कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उन्होंने राहुल के भविष्य के लिए भी शुभकामनाएं दी हैं।
भारत की अंडर-19 टीम में आने का सपना
शहीद विजय सोरेंग के बेटे राहुल सोरेंग के लिए हरियाणा अंडर-19 टीम में चयन आसान नहीं था। अंडर-19 टीम से पहले, राहुल का चयन हरियाणा की अंडर-14 और अंडर-16 टीमों में भी हो चुका है। फिलहाल, राहुल पुदुचेरी में हैं, जहाँ वह अपनी राज्य की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा को निखार रहे हैं। हरियाणा की अंडर-19 टीम में जगह बनाने के बाद, राहुल सोरेंग का अगला और सबसे बड़ा लक्ष्य अब भारत की अंडर-19 टीम में शामिल होना होगा। यह सपना पूरा करने के लिए उन्हें राज्य स्तर पर बेहतरीन और लगातार प्रदर्शन करना होगा।
यदि राहुल अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को प्रभावित करने में सफल होते हैं, तो वह केवल भारत के लिए अंडर-19 स्तर पर ही नहीं खेलेंगे। बल्कि टीम में वैभव सूर्यवंशी जैसे उभरते हुए सितारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर देश का प्रतिनिधित्व भी कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications