Virat Kohli Hotel Room: होटल के कमरे में वीडियो शूट की शिकायत नहीं करेंगे विराट कोहली
Virat Kohli Hotel Room: टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज और पूर्व कप्तान विराट कोहली ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमे देखा जा सकता है कि कोई उनके होटल के कमरे में जाकर वीडियो बना रहा है। इस वीडियो को शेयर करते हुए विराट कोहली ने नाराजगी जाहिर की है कि आखिर कैसे कोई उनके कमरे के भीतर जा सकता है और उनकी निजता का इस तरह से मजाक उड़ा सकता है। विराट कोहली के इस वीडियो पर कई दिग्गजों ने हैरानी जताते हुए इसकी आलोचना की है। यहां तक कि ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने भी इसकी आलोचना करते हुए इसे गलत बताया है।

लेकिन जो रिपोर्ट सामने आई है उसके अनुसार विराट कोहली इस मुद्दे को तूल नहीं देना चाहते हैं और यही वजह है कि वह इसकी आधिकारिक शिकायत नहीं करेंगे। विराट कोहली ने इंस्टाग्राम पर जो वीडियो शेयर किया है उसे किसी अज्ञात व्यक्ति ने कमरे के भीतर शूट किया है और इसे लीक किया है। इस वीडियो को शेयर करते हुए विराट कोहली ने लिखा, मैं समझ सकता हूं कि फैन अपने चहेते खिलाड़ी के पास आना चाहते हैं और उससे मिलना चाहते हैं और मैं इसका सम्मान करता हूं लेकिन इस तरह से किसी की निजता और वो भी होटल के कमरे में हनन इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता है।
इस वीडियो के सामने आने के बाद क्राउन पर्थ होटल की ओर से बयान जारी किया गया है। बयान में कहा गया है कि इस वीडियो को जिस व्यक्ति ने शूट किया है उसे बाहर कर दिया गया है और ओरिजिनल वीडियो को सोशल मीडिया से हटा दिया गया है। वहीं टीम के एक सूत्र का कहना है कि विराट कोहली अब इस मामले को आगे नहीं बढ़ाएंगे और इसको लेकर आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराएंगे। टीम मैनेजमेंट ने विराट कोहली से यह पूछा था कि क्या वह इसकी आधिकारि शिकायत होटल के खिलाफ करना चाहते हैं। जिसके जवाब में कोहली ने ऐसा करने से इनकार किया है।
विराट कोहली ने जो वीडियो शेयर किया है उसपर उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा ने प्रतिक्रिया देते हुए लिखा यह शर्मनाक है और व्यक्तिगत निजता उल्लंघन है। मैंने इस तरह की घटनाएं देखी हैं लेकिन यह काफी बदतर है। अगर कोई इसे देखने के बाद कहता है कि सेलेब्रिटी हो, डील करना पड़ेगा, उसे यह समझना चाहिए कि वह खुद समस्या है। बता दें कि भारतीय टीम पर्थ से एडिलेड पहुंची है, यहां पर बुधवार को टीम बांग्लादेश के खिलाफ अहम मैच खेलेगी।












Click it and Unblock the Notifications