'हिम्मत मत हारना रिंकू!' Rinku Singh के दुख में शरीक हुए विराट कोहली? मुश्किल घड़ी में दिया सहारा
Rinku Singh Father Passes Away: भारतीय क्रिकेट टीम के धांसू बल्लेबाज रिंकू सिंह के पिता खनचंद सिंह का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। वे लंबे समय से 'स्टेज-4' लिवर कैंसर से जूझ रहे थे। ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
पिता के निधन की खबर सुन अलीगढ़ आए रिंकू (Rinku Singh Father Passes Away)
पिता के निधन की खबर मिलते ही रिंकू सिंह शुक्रवार सुबह 5:00 बजे चेन्नई से दिल्ली के लिए रवाना हुए और सीधे अपने पैतृक निवास अलीगढ़ पहुंचे। दोपहर बाद खनचंद सिंह का पार्थिव शरीर अलीगढ़ लाया गया, जहां रिंकू ने अपने पिता के पार्थिव शरीर को कंधा दिया। अंतिम विदाई के समय माहौल बेहद गमगीन था। रिंकू इससे पहले भी टूर्नामेंट के बीच में पिता की देखभाल के लिए घर आए थे, लेकिन वे जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच से पहले टीम के साथ जुड़ गए थे।

विराट कोहली ने जताया शोक
हालांकि, गुरुवार को हुए मैच में वे अंतिम एकादश का हिस्सा नहीं थे, लेकिन उन्हें सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी के तौर पर मैदान पर देखा गया था। रिंकू सिंह पर आए इस दुख के पहाड़ को देखते हुए क्रिकेट जगत उनके साथ खड़ा नजर आया। टीम इंडिया के वरिष्ठ खिलाड़ी विराट कोहली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संवेदना व्यक्त करते हुए लिखा कि रिंकू के पिता के निधन की खबर से गहरा दुख हुआ। इस कठिन समय में मेरी प्रार्थनाएं तुम्हारे और तुम्हारे परिवार के साथ हैं। ईश्वर तुम्हें शक्ति दे। ओम् शांति।
क्रिकेट जगत में शोक की लहर
बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला और अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने भी शोक व्यक्त किया। पूर्व क्रिकेटरों में हरभजन सिंह, सुरेश रैना, शिखर धवन और आकाश चोपड़ा ने रिंकू को सांत्वना दी। शिखर धवन ने लिखा कि रिंकू, इस कठिन समय में मेरी गहरी संवेदनाएं तुम्हारे साथ हैं, ईश्वर तुम्हारे पिता की आत्मा को शांति प्रदान करें। रिंकू सिंह को क्रिकेटर बनाने में उनके पिता खनचंद सिंह का सबसे बड़ा रोल रहा है।
अलीगढ़ में गैस सिलेंडर बांटने का काम करने वाले खनचंद सिंह ने आर्थिक तंगहाली के बावजूद अपने बेटे के क्रिकेटर बनने के सपने को कभी मरने नहीं दिया। रिंकू अक्सर सार्वजनिक मंचों पर यह स्वीकार करते रहे हैं कि उनकी सफलता के पीछे उनके पिता का कड़ा संघर्ष और अटूट विश्वास है।












Click it and Unblock the Notifications