आखिर क्यों टूटी विनोद कांबली और सचिन तेंदुलकर की दोस्ती? सालों बाद बड़ा सच आया सामने
Sachin Tendulkar and Vinod Kambli's friendship: भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर और विनोद कांबली का एक वीडियो हाल ही में वायरल हुआ था। इसके बाद से ही सचिन तेंदुलकर लगातार चर्चाओं में बने हुए हैं। दोनों क्रिकेट की दुनिया के महान खिलाड़ी हैं और बचपन से ही अच्छे दोस्त रहे हैं, जिन्हें मुंबई के कोच रमाकांत आचरेकर ने ट्रेनिंग दी थी।
सचिन-कांबली का वीडियो वायरल
हाल ही में, जब दोनों पुराने दोस्त एक मेमोरियल के उद्घाटन पर मिले तो उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में यह देखा गया कि सचिन तेंदुलकर कांबली से मिलने के दौरान थोड़े असहज दिखे। कांबली ने सचिन को पकड़कर उन्हें कुछ देर रोकने की कोशिश की, लेकिन सचिन ने अपना हाथ छुड़ा लिया और दूसरी ओर बैठ गए। यह दृश्य फैंस के बीच काफी चर्चा का विषय बन गया और कुछ लोग इसे दोनों के रिश्ते में थोड़ी दूरी का संकेत मानने लगे।

संजय मांजरेकर ने कही थी यह बात
संजय मांजरेकर ने तीन साल पहले एक बड़ा खुलासा किया था, जिसमें उन्होंने बताया था कि विनोद कांबली सचिन तेंदुलकर की आलोचना करते रहते थे, जिससे सचिन को काफी परेशानी होती थी। मांजरेकर ने यह भी बताया कि कांबली बार-बार सचिन पर टिप्पणी करते थे, जिससे उनके दोस्ती में तनाव आ गया था। इस वीडियो के बाद संजय मांजरेकर का यह बयान भी चर्चा में आ गया है।
कांबली के कारण सचिन होते थे परेशान
मांजरेकर ने उस इंटरव्यू में बताया था कि साल 1992 के वर्ल्ड कप के दौरान विनोद कांबली सचिन की बैटिंग पर अक्सर टिप्पणी करते थे। सचिन को सलाह देते थे कि उन्हें ज्यादा आक्रामक खेलना चाहिए। कांबली का मानना था कि सचिन को अपनी बैटिंग को और तेज बनाना चाहिए, जबकि सचिन खुद एक शांत और सधी हुई शैली में खेलते थे। यह स्थिति सचिन के लिए थोड़ी तनावपूर्ण हो गई थी, क्योंकि वह अपने तरीके से खेलना चाहते थे, लेकिन कांबली की आलोचनाओं के कारण वह परेशान हो जाते थे।
सचिन और कांबली की दोस्ती क्यों टूटी?
इसके बावजूद सचिन और कांबली की दोस्ती मजबूत थी। यह वाकया उस समय का था जब कांबली को टीम में ज्यादा मौके नहीं मिल रहे थे, क्योंकि वह अनुभवहीन थे। वहीं, सचिन और संजय मांजरेकर नियमित रूप से खेल रहे थे और टीम में अपनी जगह पक्की कर चुके थे। ऐसे में कांबली का सचिन से बार-बार मिलने और उनके खेल पर टिप्पणी करना मास्टर ब्लास्टर को पसंद नहीं था। यही कारण था कि सचिन कांबली से दूर रहने लगे थे।












Click it and Unblock the Notifications