U-19 वर्ल्ड कप: 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाले पहले भारतीय बने
Vaibhav Suryavanshi Record: आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने अपने अभियान की शुरुआत धमाकेदार तरीके से की है। अमेरिका (USA) के खिलाफ खेले गए पहले ग्रुप मैच में भारत ने 6 विकेट से जीत दर्ज की। इस मैच में जहाँ तेज गेंदबाज हेनिल पटेल ने अपनी गेंदबाजी से आग उगली। वहीं युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने मैदान पर कदम रखते ही एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया, जो आज तक कोई भारतीय खिलाड़ी नहीं बना सका था।
वैभव सूर्यवंशी ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी (Vaibhav Suryavanshi Record)
इस मैच में सबकी निगाहें 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी पर टिकी थीं। वैभव ने महज 14 साल और 294 दिन की उम्र में अपना अंडर-19 वर्ल्ड कप डेब्यू किया। इसके साथ ही वे इस टूर्नामेंट के इतिहास में 15 साल की उम्र से पहले डेब्यू करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड कुमार कुशाग्र के नाम था, जिन्होंने 2020 में 15 साल और 88 दिन की उम्र में अपना पहला मैच खेला था।

वर्ल्ड कप डेब्यू में नहीं कर सके कमाल
हालांकि, बल्ले से वैभव का डेब्यू थोड़ा फीका रहा और वे केवल 2 रन बनाकर रित्विक अप्पीडी की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए, लेकिन कम उम्र में इस मुकाम तक पहुंचकर उन्होंने दुनिया को अपनी प्रतिभा का परिचय दे दिया है। मैच की शुरुआत में भारतीय गेंदबाजों ने अमेरिकी टीम को घुटनों पर ला दिया। 18 वर्षीय तेज गेंदबाज हेनिल पटेल ने शानदार स्पैल डालते हुए 7 ओवर में सिर्फ 16 रन देकर 5 विकेट चटकाए।
उनके अलावा वैभव सूर्यवंशी, दीपेश देवेंद्रन, खिलन पटेल और आरएस अम्ब्रिश ने भी एक-एक विकेट लिया। अमेरिका की पूरी टीम 107 रनों पर सिमट गई। जब भारत बल्लेबाजी के लिए आया, तो बारिश ने खेल में खलल डाला। डकवर्थ-लुईस नियम के तहत भारत को 37 ओवरों में 96 रनों का संशोधित लक्ष्य मिला। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत खराब रही।
वैभव सूर्यवंशी (2), वेदांत त्रिवेदी (2) और कप्तान आयुष म्हात्रे (19) जल्दी पवेलियन लौट गए। एक समय भारत मुश्किल में दिख रहा था, लेकिन अभियान कुंडू (नाबाद 42) और विहान मल्होत्रा (18) ने 45 रनों की सूझबूझ भरी साझेदारी कर टीम को पटरी पर लौटाया। भारत ने 178 गेंदें शेष रहते ही लक्ष्य हासिल कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications