95 गेंद पर जड़ दिए 171 रन, Vaibhav Suryavanshi ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड! पहली बार 400 पार
Vaibhav Suryavanshi World Record: आईसीसी अकाडमी ग्राउंड (ICC Academy Ground) में चल रहे अंडर-19 एशिया कप के ओपनिंग मैच में भारत ने बड़ा स्कोर खड़ा किया। भारतीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने इस मुकाबले में धमाकेदार प्रदर्शन कर सभी का ध्यान खींच लिया है। वैभव ने सिर्फ 95 गेंदों पर 171 रनों की शानदार पारी खेली। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 180 से ऊपर का था।
टूट गया 17 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड (Vaibhav Suryavanshi World Record)
14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने अपनी पारी के दौरान 14 गगनचुंबी छक्के जड़े और 9 चौके लगाए। इन 14 छक्कों के साथ उन्होंने यूथ ODI (वन-डे इंटरनेशनल) इतिहास में एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का 17 साल पुराना विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के माइकल हिल के नाम था, जिन्होंने फरवरी 2008 में नामीबिया U19 के खिलाफ 12 छक्के लगाए थे। वैभव ने यूएई की गेंदबाजी आक्रमण को पूरी तरह तहस-नहस करते हुए इस रिकॉर्ड को तोड़ दिया।

भारत ने बनाए 400 से अधिक रन
वैभव की 171 रनों की यह पारी यूथ ODI में भारत के लिए दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है। वह 23 साल पुराना भारतीय रिकॉर्ड तोड़ने से सिर्फ सात रन से चूक गए। अंबति रायडू के नाम यह रिकॉर्ड है, जिन्होंने 2002 में इंग्लैंड U19 के खिलाफ 177 रन बनाए थे। वैभव सूर्यवंशी की इस विस्फोटक पारी के दम पर भारत U19 टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में 433 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
वैभव के अलावा आरोन जॉर्ज और विहान मल्होत्रा ने भी शानदार प्रदर्शन किया। दोनों ने 69-69 रनों की अर्धशतकीय पारियां खेलीं। निचले क्रम में वेदांत त्रिवेदी और अभिज्ञान कुंडू ने भी अहम योगदान दिया और टीम के स्कोर को 400 के पार पहुंचाया। भारतीय बल्लेबाजों ने अपनी पारी में कुल 31 चौके और 20 छक्के लगाए। अब टीम इंडिया एक बड़ी जीत दर्ज करना चाहेगी।












Click it and Unblock the Notifications