Vaibhav Suryavanshi ने तोड़ा एबी डिविलियर्स का 10 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड, विजय हजारे ट्रॉफी में रचा इतिहास
Vaibhav Suryavanshi, World Record: भारतीय क्रिकेट में वैभव सूर्यवंशी का नाम पिछले कुछ समय से लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के प्लेट ग्रुप मुकाबले में बिहार के इस 14 वर्षीय बल्लेबाज ने वह कर दिखाया, जो क्रिकेट के इतिहास में आज तक बड़े-बड़े दिग्गज भी नहीं कर सके। अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ खेलते हुए वैभव ने न सिर्फ रनों की बारिश की, बल्कि वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी।
एबी डिविलियर्स का 10 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त (Vaibhav Suryavanshi, World Record)
वैभव सूर्यवंशी ने अपनी 190 रनों की ऐतिहासिक पारी के दौरान साउथ अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया। डिविलियर्स ने 2015 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज के खिलाफ 64 गेंदों में 150 रन बनाए थे। लेकिन समस्तीपुर के इस लाल ने महज 59 गेंदों में 150 रन ठोककर 'मिस्टर 360' को पीछे छोड़ दिया और लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज 150 रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए।

लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे युवा शतकवीर
वैभव ने इस मैच में 84 गेंदों पर 190 रन बनाए, जिसमें 16 चौके और 15 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। इस शतकीय पारी के साथ ही उन्होंने एक अनोखा कीर्तिमान स्थापित किया है। वह दुनिया के पहले पुरुष क्रिकेटर बन गए हैं, जिन्होंने 15 साल की उम्र पूरी करने से पहले लिस्ट-ए (वनडे) और टी20, दोनों फॉर्मेट में शतक जमाए हैं। 14 साल 272 दिन की उम्र में शतक लगाकर वह लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे युवा शतकवीर बन गए हैं। उन्होंने पाकिस्तान के जहूर इलाही का 1986 से चला आ रहा रिकॉर्ड तोड़ दिया।
सबसे तेज शतकों की रेस में बिहार का दबदबा
वैभव ने अपना शतक सिर्फ 36 गेंदों में पूरा किया। हालांकि, दिलचस्प बात यह रही कि इसी मैच में उनके साथी खिलाड़ी और बिहार के कप्तान साकिबुल गनी ने महज 32 गेंदों में शतक जड़कर भारत की ओर से लिस्ट-ए में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वहीं, एक अन्य मैच में ईशान किशन ने भी 33 गेंदों में सेंचुरी ठोकी। फिलहाल वैभव भारत के लिए सबसे तेज लिस्ट-ए शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में चौथे स्थान पर हैं।












Click it and Unblock the Notifications