IND vs ENG U19: 'सूरज को उगने से कोई नहीं रोक सकता', जीत के बाद बिहार के लाल सूर्यवंशी पर फिदा हुई दुनिया
U19 World Cup 2026 Final: भारत ने अंडर-19 विश्वकप का खिताब जीत लिया है। फाइनल में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को 100 रन से हराया। यह टीम इंडिया का रिकॉर्ड छठा खिताब है। इससे पहले भारत ने 2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 में अंडर-19 विश्व कप खिताब पर कब्जा जमाया था। भारत ने इंग्लैंड के सामने 412 रन का लक्ष्य रखा था। जवाब में इंग्लिश टीम 40.2 ओवर में 311 रन रन पर सिमट गई।
फाइनल के सुपरस्टार रहे सूर्यवंशी (U19 World Cup 2026 Final)
टीम इंडिया के लिए वैभव सूर्यवंशी फाइनल के सुपरस्टार रहे। उन्होंने 80 गेंद में 175 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। वहीं, इंग्लैंड की ओर से कैलब फाल्कनर ने शतक जड़ा, लेकिन टीम को नहीं जिता पाए। फाल्कनर ने 67 गेंद पर 115 रन की पारी खेली फाइनल में भारत की ऐतिहासिक जीत से ज्यादा चर्चा 14 वर्षीय बल्लेबाजी सनसनी वैभव सूर्यवंशी की हो रही है।

80 गेंदों पर 175 रनों की पारी
इंग्लैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबले में मात्र 80 गेंदों पर 175 रनों की अविश्वसनीय पारी खेलकर वैभव ने न केवल भारत को छठा विश्व कप दिलाया, बल्कि क्रिकेट जगत के दिग्गजों को अपना मुरीद बना लिया है। उनकी इस पारी को विश्व कप फाइनल के इतिहास का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर दर्ज किया गया है। वैभव की इस पारी को देख पूर्व भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने एक्स पर लिखा कि वैभव सूर्यवंशी... सूर्यवंश के वंशज। आज उन्होंने बिल्कुल वैसा ही प्रदर्शन किया! इंग्लैंड के गेंदबाजों ने सब कुछ आजमाया, लेकिन आप सूरज को उगने से नहीं रोक सकते। भारतीय क्रिकेट में सूर्योदय हो चुका है।
तोड़ा उन्मुक्त चंद का 14 साल पुराना रिकॉर्ड
वहीं, पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने वैभव के कौशल को बेहद खास बताया। अपनी पारी में 15 चौके और 15 छक्के जड़ने वाले वैभव की निडरता पर यूसुफ पठान ने कहा कि 14 साल की उम्र में बिना किसी दबाव के ऐसा खेल दिखाना भारतीय क्रिकेट के उज्ज्वल भविष्य को दिखाता है। वैभव ने अपनी इस पारी के दौरान उन्मुक्त चंद के 2012 के फाइनल में बनाए गए नाबाद 111 रनों के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया।
एक बिहारी सब पर भारी, फैंस मना रहे जश्न
वैभव के गृह राज्य बिहार में जश्न का माहौल है। भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने वैभव को बधाई देते हुए लिखा कि एक बिहारी सब पे भारी! शाबाश वैभू।" लखनऊ सुपर जायंट्स के मालिक संजीव गोयनका ने "सूर्य नमस्कार!" लिखकर इस युवा प्रतिभा का अभिनंदन किया। रोचक बात यह रही कि आइसलैंड क्रिकेट के आधिकारिक हैंडल ने मजाकिया लहजे में लिखा कि इंग्लिश गेंदबाजों पर इस तरह की 'हिंसा' करने के लिए वैभव को 'गिरफ्तार' कर लेना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications