टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पाकिस्तान की हार के बाद पंजाब में हुआ बवाल, आपस में भिड़े छात्रों के दो गुट
Student Clash in moga punjab टी20 वर्ल्ड कप 2022 के फाइनल मैच वाले दिन पंजाब के मोगा में जबरदस्त बवाल देखने को मिला। भले ही यह घटना दो दिन पहले की है, लेकिन सोशल मीडिया पर इस घटना के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, मोगा के कॉलेज कैंपस में पाकिस्तान की हार के बाद जमकर बवाल हुआ। बताया जा रहा है कि कॉलेज कैंपस में पाकिस्तान की हार के बाद दो गुट आपस में भिड़ गए और उसके बाद तो जमकर लाठी-डंडे और पत्थर चले। इस घटना में 6-7 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की बात कही जा रही है।

कश्मीरी और बिहार के छात्रों के बीच हुई झड़प
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना फरीदकोट जिले के मोगा में स्थित लाला लाजपत राय कॉलेज के हॉस्टल की है। रविवार को टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जैसे ही इंग्लैंड ने पाकिस्तान को हराया तो उसके बाद हॉस्टल परिसर में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि यह झड़प बिहार और कश्मीर के छात्रों के बीच हुई। इस झड़प को शांत कराने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। पुलिस के लाठीचार्ज के बाद स्थिति कंट्रोल में हुई। इस हंगामे का वीडियो अब इंटरनेट पर वायरल हो रहा है।
क्या थी झड़प की वजह?
बताया जा रहा है कि फाइनल मैच में पाकिस्तान की हार होते ही यहां हंगामा शुरू हो गया। बिहार के छात्रों का आरोप है कि पाकिस्तान की हार के बाद कश्मीरी छात्रों के गुट ने देशविरोधी नारेबाजी शुरू कर दी थी तो वहीं कश्मीरी छात्रों का कहना है कि पाकिस्तान की हार के बाद बिहार के छात्रों के गुट ने उनपर अभद्र कॉमेंट करने शुरू कर दिए, जिसके बाद बवाल बढ़ गया। कॉलेज हॉस्टल के अधिकारी ने बताया है कि मौके पर स्थिति को देखते हुए पुलिस को घटना की सूचना दी गई। मौके पर पुलिस ने पहुंचकर लाठीचार्ज किया और स्थिति को कंट्रोल किया।
इस घटना के बारे में मोगा सदर थाने के एक पुलिसकर्मी ने बताया है कि हॉस्टल में शांति कायम है और दोनों गुटों से यह अपील की गई है कि वो शांति व्यवस्था बनाए रखें। दोनों गुटों की ओर से लिखित में यह ले लिया गया है कि अब हॉस्टल में शांति बहाल रहेगी। पुलिसकर्मी ने बताया है कि इस घटना में कुछ लोगों को हल्की चोटें तो आई हैं, लेकिन गंभीर रूप से कोई घायल नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications